मर चुके लोगों को आवास आवंटित कर लाखों रुपयों के सरकारी धन लूट

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के विकास खंड हरियावां की ग्राम पंचायत अरवा गजाधरपुर में इंदिरा आवास आवंटन में घोटाले का मामला सामने आया है । मामले की जानकारी लगते ही लोगों के होश उड़ गए । घोटाले में  मरे हुए लोगों को आवास आवंटित कर सरकारी धन की लूटपाट की गई ।।

मामला कुछ यह है कि विकास खंड हरियावां की ग्राम पंचायत अरवा गजाधरपुर में प्रधान और सेक्रेटरी ने मिल कर इलाके के मृतक लोगों का फर्जी खाता खोल कर उनको  इंदिरा आवास आवंटित किया । आवास के लिए आने वाला 70  हज़ार रुपया तथा गरीब मज़दूरों के लिए मनरेगा से आने वाले रुपयों को मृतकों के खातों से फर्जी तरीके से निकाल लिया गया जो बिना अधिकारियों की मिलीभगत के असम्भव है।  इस तरह इस पूरे प्रकरण में लाखों रुपयों का सरकारी धन लूट लिया गया और प्रशासन अनजान बना रहा , जिसके कारण गांव के  पात्र लोग दर-दर भटकने को मजबूर है । इस गंभीर मसले ग्राम वासियों ने प्रधान के खिलाफ मोर्चा खोला व अफसरों को शिकायती पत्र देकर कार्यवाही की मांग की है । अपर जिलाधिकारी विपिन मिश्रा से जब इस मामले के बारे में बात की गई तो उन्होंने बताया कि ये प्रकरण बेहद गम्भीर है और इसकी जांच परियोजना निदेशक को सौंपी गई है तथा 07 दिनों के भीतर जांच हो जाने का आश्वासन दिया है ।