आज ही की तारीख़ मे लौहमहिला श्रीमती इन्दिरा गान्धी का जन्म हुआ था।
•••••••••••••••••••••••••••••••••••••••••••••
विशेष– मैने भेँटवार्त्ता से सम्बन्धित चित्र का सम्पादन करा लिया था, जिसके लिए श्रीमती इन्दिरा गान्धी जी से अनुमति भी ले ली थी; क्योँकि जिस विशेष गेस्ट हाउस मे भेँटवार्त्ता हुई थी, वहाँ अनेक राजनेता और सुरक्षाकर्मी भी थे, जिसके कारण चित्र बहुत भरा-भरा और बोझिल हो चुका था, इसलिए अपने वरिष्ठ प्रेस-छायाकार को निर्देशित कर, अवांछित लोग और वहाँ रखी सामग्री (जलपानादिक- सामग्री और पात्र) को चित्र से हटवा दिये थे।
विश्व के राजनीतिक मानचित्र पर देदीप्यमान महानायिका ‘इन्दिरा प्रियदर्शिनी’ का जन्मदिनांक (१९ नवम्बर) पर सम्पूर्ण भारतवासियोँ की ओर से श्रद्धाञ्जलि अर्पित है।
अभूतपूर्व आत्मविश्वास और कठिनतर परिस्थिति मे भी धैर्य खोये बिना स्वविवेक से निर्णय करने की सामर्थ्य और क्षमता-जैसे विलक्षण गुण ने ही श्रीमती इन्दिरा गान्धी को राजनीति के शीर्ष शिखर पर समासीन कराया था। वे भारत की प्रथम महिला प्रधानमन्त्री तो थीँ ही, विश्व की ऐसी प्रथम महिला भी थीँ, जो किसी लोकतन्त्रीय देश की ‘प्रधान’ के रूप मेँ पद-प्रतिष्ठित रहीँ।
भारत ही नहीँ, अपितु शेष विश्व मनुष्य के लिए शान्तिपूर्वक रहने-योग्य स्थान बने, बालपन से संस्कार के रूप मे जाग्रत् हुई इस आकांंक्षा को मूर्त रूप देने के लिए श्रीमती गान्धी प्रयत्नशील रहीँ। विदेशी विषयोँ मे ‘गुटनिरपेक्ष आन्दोलन’ और स्वदेश मे ‘लोकतन्त्र के प्रति उनकी आस्था’ विरासत मे मिली, भारत के एकात्मिक जीवनमूल्योँ की ही अभिव्यक्ति है।
श्रीमती गान्धी के जन्मदिनांक के अवसर पर ‘भारत-कोकिला’ सरोजिनी नायडू ने उनके पिताश्री पण्डित जवाहरलाल नेहरू को यह बधाई-तार सम्प्रेषित किया था, “यह पुत्री भारत की नयी आत्मा है।”
अब समझ मे आता है कि कालदर्शी कवयित्री को उस समय जो अनुभूति हुई थी, वह ‘सच’ सिद्ध हुआ था। जन्म के समय पितामह पण्डित मोतीलाल नेहरू ने उन्हेँ आशीर्वाद दिया था, “देखना तो सही, यह बेटी हज़ारोँ बेटोँ से सवाई होगी।” वह आशीर्वाद समय-शिला पर उत्कीर्ण हो चुका था, जिसे उन्होँने वय-वार्द्धक्य के साथ साकार कर दिखाया था। पिता पं० जवाहरलाल नेहरू ने उन्हेँ ‘क्रान्तिबाला’ की संज्ञा से विभूषित किया था और क्रान्तिबाला का वह क्रान्ति-कथानक ‘युगान्तर’ सिद्ध हुआ था।
मुझे उस यशस्विनी, ऊर्जस्विनी, ओजस्विनी, कुशल, निपुण तथा दक्ष अन्तरराष्ट्रीय राजनयिक हस्ताक्षर के साथ उन्मुक्त परिवेश मे मुक्त भाव के साथ मुखर होकर संवाद करने का जो सुअवसर प्राप्त हुआ था, वह मेरे तत्कालीन पत्रकारीय जीवन की एक महती उपलब्धि रही है।
आइए! प्रश्न-प्रतिप्रश्न और उत्तर-प्रत्युत्तर के मध्य से नयनो की कोरोँ से झाँक रही देश की आन पर स्वयं को बलिदान कर देनेवाली वीरांगना समादरणीया इन्दिरा गान्धी जी को नमन करे।
यहाँ प्रस्तुत है, एक बृहद् और विशद भेँटवार्त्ता का सम्पादित अति लघु रूप–
पृथ्वीनाथ– देश आज़ाद हुआ था। आप २४ जनवरी, १९६६ ई० को प्रधानमन्त्री बनी थीँ। उस समय की परिस्थिति कैसी थी?
इन्दिरा गान्धी– उस समय बड़ी कठिन परिस्थिति थी।
पृथ्वीनाथ– ज़रा खुलकर बताइए न!
इन्दिरा गान्धी– १९६५ के भारत-पाक-युद्ध से उत्पन्न समस्याएँ देश के सामने थीँ। १९६२ मेँ चीन के साथ हुए प्रथम युद्ध के कटु अनुभव और उसके दुष्परिणामस्वरूप पण्डित जी का निधन हो चुका था। इस सदमे से राष्ट्रवासी और राष्ट्रनायक सभी स्तब्ध थे। १९६५-६६ और १९७२-७४ मे अनेक स्थानो पर भीषण सूखा पड़ा था। १९६७ से १९७१ तक देश मे जटिल राजनीतिक अस्थिरता रही। साम्प्रदायिक तनाव और दंगोँ की तीव्रता ने उग्र रूप धारण कर लिया था। तेलंगाना (आन्ध्र) मे क्षेत्रीय उपद्रव हुए थे। अवसरवादी तत्त्वोँ ने स्वयं काँग्रेस के ही टुकड़े-टुकड़े करके कमज़ोर कर देने की साज़िश रचीँ। गुजरात और बिहार मे प्रजान्त्र-विरोधी आन्दोलन शुरू हो गये थे। पश्चिमी पाकिस्तान के दमनचक्र से त्रस्त पूर्व-पाक (अब बाँग्लादेश) से एक करोड़ शरणार्थी भारत आये थे। ९० हज़ार पाक-युद्धबन्दी, रेलकर्मियोँ की हड़ताल, अरब राष्ट्रोँ-द्वारा पेट्रोल के दाम बढ़ाने से उत्पन्न ऊर्जा और विश्वव्यापी मुद्रासंकट देश के सामने जटिल अवरोध के समान उपस्थित हो जाते थे। रह-रहकर चर्चा होती थी– अब देश का क्या होगा?
(सर्वाधिकार सुरक्षित– आचार्य पण्डित पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; १९ नवम्बर, २०२६ ईसवी।)