‘आभार’, ‘धन्यवाद’ तथा ‘साधुवाद’ की अवधारणा

आचार्य पण्डित पृथ्वीनाथ पाण्डेय की पाठशाला
•••••••••••••••••••••••••••••••••••••

इन तीनो शब्दोँ मे अन्तर का बोध करने के लिए ‘धन्य’ और ‘साधु’ शब्द के अर्थ और उसकी अवधारणा का संज्ञान करना होगा।

‘आभार’ शब्द का प्रयोग वहाँ होता है जहाँ हम प्रकट किये गये भाव, विचार वा कार्य वा तीनो से इसप्रकार से दब जाते हैँ कि उससे उऋण नहीँ हो पाते। जैसे– आपने मेरी पुत्री के विवाह मे यथाशक्य सहायता की है; मै आभारी रहूँगा।

जब कोई हमारे प्रति ‘आभार-ज्ञापन’ करता है तब हम ‘धन्यवाद’ करते हैँ। अर्थात् ‘धन्य हैँ, आपके भाव/ विचार/ कार्य वा तीनो। जब कोई सामान्य वा विशिष्ट स्तर पर उत्तम कार्य करता है तब हम ‘धन्यवाद’ करते हैँ। इसके अन्तर्गत कृतकृत्य करनेवाले भाव/ विचार/ कार्य वा तीनो आते हैँ। जैसे– आपने मेरे विचार की प्रशंसा की है; एतदर्थ आपके प्रति धन्यवाद व्यक्त करता हूँ।

‘साधु’ से ‘सज्जनता’ का बोध होता है। जो साधु होता है, वह ‘लोककल्याण’ के प्रति चिन्तन करता है, इसलिए जिस भाव/विचार/कार्य वा तीनो मे ‘लोक-कल्याण’ की दृष्टि से महत्ता (‘महानता’ अशुद्ध है।), सज्जनता वा सौजन्य का बोध हो, वहाँ ‘साधुवाद’ का व्यवहार होता है। जैसे– आपके भाव/विचार/ कार्य वा तीनो समाज के लिए प्रेरणादायक हैँ, जिसके लिए आप साधुवाद के पात्र हैँ।

उपर्युक्त (‘उपरोक्त’ अशुद्ध है।) शब्द-व्यवहार करने से पूर्व भाव/विचार/कार्य वा तीनो की गुणवत्ता समझनी पड़ती है।

(सर्वाधिकार सुरक्षित– आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; २७ नवम्बर, २०२६ ईसवी।)