Breaking News

शताब्दी खेल महोत्सवः न्यूजीलैंड में भारतीय हॉकी का डंका, कबड्डी ने बांधा समां

ऑकलैंड। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष (1926–2026) पूरे होने के ऐतिहासिक उपलक्ष्य में ऑकलैंड के लॉयड एल्समोर पार्क में आयोजित शताब्दी खेल महोत्सव में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा। महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की मौजूदगी में 1926 में हुए भारतीय सेना की टीम के पहले न्यूजीलैंड दौरे की याद में आयोजित ‘स्लम्बरजोन इंडियन सेंटेनरी हॉकी सीरीज’ को भारतीय राष्ट्रीय पुरुष हॉकी टीम ने 1-0 से जीतकर इतिहास रच दिया।

कप्तान संजय राणा के नेतृत्व में खेली गई तीन मैचों की इस रोमांचक श्रृंखला के पहले टेस्ट में भारत ने मेजबान न्यूजीलैंड (ब्लैक स्टिक्स) को 3-2 से हराकर विजयी शुरुआत की। इसके बाद 21 और 22 नवंबर को खेले गए दूसरे और तीसरे मैच 2-2 की बराबरी पर छूटे, जिसके साथ भारत ने अजेय रहते हुए सीरीज अपने नाम कर ली।

मुख्य सीरीज़ के समानांतर चल रहे द्विपक्षीय दौरे में भारतीय रक्षा बलों की संयुक्त टीम ने भी अपने उत्कृष्ट खेल से सभी को प्रभावित किया। भारतीय सैन्य टीम ने अपने दौरे के चौथे मुकाबले में न्यूजीलैंड इंडियंस पुरुष टीम को 3-1 से करारी शिकस्त दी। इससे पहले भारतीय रक्षा बलों की टीम वेलिंगटन सेलेक्शन (7-3) और न्यूजीलैंड डिफेंस फोर्स (4-1) को भी हरा चुकी है।

न्यूजीलैंड स्थित भारतीय उच्चायोग ने ‘एक्स’ पर लिखा खेल के ज़रिए एकता के 100 साल। अजेय रहने का सिलसिला जारी है। भारतीय रक्षा बलों की संयुक्त टीम ने अपने द्विपक्षीय दौरे के चौथे मैच में न्यूज़ीलैंड इंडियंस पुरुष टीम के खिलाफ 3-1 से शानदार जीत दर्ज की। मैच का समापन बहुत ही सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ, जहां दोनों टीमों ने एक-दूसरे के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और यादगार चिह्न साझा किए। यह पल हमारी साझा विरासत, आपसी भाईचारे और खेल भावना का जश्न मनाने वाला रहा।

हॉकी के इस महाकुंभ के बीच पारंपरिक भारतीय खेल कबड्डी का रोमांच भी देखने को मिला। 21 नवंबर को आयोजित ‘स्लम्बरजोन सेंटेनरी कबड्डी प्रदर्शनी मैच’ में न्यूजीलैंड की स्थानीय माओरी महिलाओं की टीमों और भारतीय मूल की पुरुष टीमों ने हिस्सा लिया। न्यूजीलैंड में भारतीय उच्चायुक्त मुआनपुई साइआवी और स्थानीय कैबिनेट मंत्रियों की मौजूदगी में हुए इस आयोजन ने खेल के माध्यम से दोनों देशों की सांस्कृतिक एकता और आपसी सौहार्द को एक नई ऊंचाई प्रदान की।

भारतीय उच्चायोग ने एक अन्य पोस्ट में लिखा स्लम्बरजोन सेंटेनरी कबड्डी प्रदर्शनी मैच’ में माओरी महिलाओं को कबड्डी बड़ी कुशलता से खेलते देखना और भारतीय मूल के पुरुषों की टीमों को अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन करते देखना अद्भुत था।

(रिपोर्ट– शाश्वत तिवारी)