निर्ममता से महिला की हत्या

कौशांबी। सराय अकिल थाना क्षेत्र के रकसराई गांव के मजरा चौपुरवा में सोमवार की सुबह भोर में 5:00 बजे खेतों की ओर शौचक्रिया को गई महिला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में महिला की मौके पर मौत हो गई है।

हमले के वक्त महिला की चीख पुकार की आवाज सुनकर घटनास्थल की ओर ग्रामीण दौड़ पड़े। घटनास्थल से भाग रहे हमलावर को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया।

सराय अकिल थाना क्षेत्र के रकसराई ग्राम सभा के मजरा चौपुरवा गांव निवासी शिवकुमारी उम्र लगभग 42 वर्ष पत्नी सुरेश चंद्र सोमवार की सुबह नित्य क्रिया के लिए खेतों की ओर गई थी।

पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही एक युवक ने उस पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। कुल्हाड़ी की वार से महिला चीखने चिल्लाने लगी। लगातार वार से महिला की मौके पर मौत हो गई। महिला की चीख पुकार सुनकर घटनास्थल से भाग रहे हमलावर को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और सराय अकिल पुलिस को सूचना दी। मौके पर सराय अकिल पुलिस पहुंच कर हमलावर को अपने कब्जे में ले कर पूंछ तांछ कर रही है। पुलिस ने मृतक महिला की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।