रोटोमैक पेन वाले विक्रम कोठारी और परिवार के खिलाफ सी.बी.आई. ने मामला किया दर्ज

रोटोमैक पेन के निर्माता विक्रम कोठारी और उसके परिवार के खिलाफ सी.बी.आई. ने एक मामला दर्ज किया है । बैंक से धोखे से 36 अरब 95 करोड़ रूपए का कर्ज लेने का इन लोगों पर आरोप है । कोठारी सहित कंपनी के तीन निदेशकों के खिलाफ यह मामला बैंक ऑफ बड़ौदा की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है ।

इन लोगों पर आरोप है कि इन्होंने (तीनों निदेशकों ने) बैंक के कुछ अधिकारियों के साथ आपराधिक षडयंत्र रचकर छह अरब सोलह करोड़ रूपए की ठगी की है । सी.बी.आई. ने कहा कि कंपनी को 36 अरब 95 करोड़ का कर्ज बैंक ऑफ बडौदा, इंडियन ओवरसीज बैंक, बैंक ऑफ इंडिया और इलाहाबाद बैंक सहित सात बैंकों ने मिलकर दिया है । कानपुर स्थित कोठारी के आवासीय और कार्यालय परिसरों में तलाशी ली गई है । दिल्‍ली में एक आवासीय अपार्टमेंट और कार्यालय परिसर को भी सील कर दिया गया है । कोठारी, उसकी पत्‍नी और बेटे से सी.बी.आई. ने इसी मामले के बारे में पूछताछ की है ।