इंप्रूवमेंट ट्रस्ट पर काबिज़ लोगों की बेदखली पर फैसला प्रशासन करेगा

आजादी के पहले से इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के सैकड़ों प्लाटों पर काबिज लोगों के लिए बेदखली का फैसला शासन करेगा। प्रमुख सचिव आवास इस संबंध में एलडीए उपाध्यक्ष प्रभु एन सिंह के साथ बैठक कर के अहम फैसला लेंगे। अधिकाश भूखंड की लीज अवधि समाप्त हो गई है। इसलिए इन भूखंड में प्राधिकरण दोबारा प्रवेश करेगा या इनकी लीज अवधि बढ़ाने के लिए कोई नया नियम आएगा, इस पर निर्णय होना है।

राजधानी में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट से जुड़ी सैकड़ों एकड़ बेशकीमती जमीन का अहम फैसला शासन स्तर पर होगा। राजधानी में ऐशबाग, चारबाग, मवैया, हजरतगंज, निराला नगर, महानगर, निशातगंज, चौक, माल एवेन्यू और ऐसे ही करीब दर्जन इलाकों में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की भूमि लोगों के पास लीज पर है। ये सारी लीज एलडीए के गठन से पहले की गई थी। इन सबका समय अब पूरा हो चुका है। प्राधिकरण इस सारी भूमि पर अब दोबारा प्रवेश करना चाह रहा है। जबकि सभी लीज होल्डर ऐसा नहीं चाहते हैं। इस संबंध में प्रमुख सचिव आवास 28 जून को बैठक लेंगे, जिसमें प्राधिकरण की ओर से उपाध्यक्ष प्रभु एन सिंह मौजूद रहेंगे।