अब गोमती रिवर फ्रंट पर भी बज उठेगी शहनाई

सिंचाई विभाग की सहमति के लिए एलडीए भेजेगा प्रस्ताव

गोमती रिवर फ्रंट पर शादी समारोह का आयोजन किए जाने की तैयारी की जा रही है। एलडीए जैसे ही गोमती तटों का रखरखाव पूरा कर देगा, उसके बाद यहांँ अनेक तरह के खर्च निकालने के लिए यहाँ शादी समारोह का आयोजन भी किया जाएगा।

पहले ये योजना सिंचाई विभाग ने बनाई थी। मगर सिंचाई विभाग के हाथ से निकल कर जब ये काम एलडीए के पास आया तो प्राधिकरण भी इस पर काम कर रहा है। प्राधिकरण का उद्यान विभाग इस संबंध में एक प्रस्ताव तैयार कर रहा है। इसमें लामार्टीनियर तट के पास स्टेडियम के आगे बैंक्वेट लॉन विकसित होगा। ये योजना अमल में लाने से पहले एलडीए सिंचाई विभाग से सहमति भी लेगा।


एलडीए लेगा 50 हजार रुपये किराया


रिवर फ्रंट डेवलपमेंट स्कीम को लेकर एलडीए ने करीब 10 करोड़ रुपये की टेंडर प्रक्रिया को शुरू किया है। दो महीने बाद यह काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके साथ ही रिवर फ्रंट को और मशहूर करने और यहाँ से कुछ आय करने के लिए प्राधिकरण के उद्यान विभाग ने यहाँ शादी समारोहों के आयोजन का भी प्रस्ताव बनाया है। एलडीए के एक अधिकारी ने बताया कि बैंक्वेट सिस्टम को विकसित किया जाएगा। इससे राजधानी के लोगों को शादी समारोहों के लिए राजधानी में एक और अच्छा ठिकाना मिल जाएगा। इसमें कुल 50 हजार रुपये किराया एक आयोजन का एलडीए लेगा। जिसके बाद में खुला स्थान और कुछ कमरे जो यहाँ पहले से बने हुए हैं आयोजनकर्ता को दिये जाएंगे। एलडीए के उद्यान अधिकारी एसपी सिसौदिया ने बताया कि इस संबंध में प्रस्ताव बनाया गया है। मगर इस भूमि पर मालिकाना हक सिंचाई विभाग का है। इसलिए उनसे अनुमति लेने के बाद ही काम को आगे बढ़ाया जाएगा।


अगले सप्ताह से शुरू होगा रिवर फ्रंट का सुधार


एसपी सिसौदिया ने बताया कि अगले सप्ताह से एक-एक कर के गोमती तटों पर काम का आगाज होगा। प्राथमिकता के आधार पर अलग-अलग खंड में काम होंगे। ताकि यहाँ बचा हुआ काम पूरा किया जा सके।