अटल को श्रद्धांजलि के बाद विधानसभा सत्र 27 तक स्थगित

उत्तर प्रदेश में विधानमंडल का मानसून सत्र आज यानी गुरुवार शुरू हुआ। पहले दिन विधानसभा और विधान परिषद में पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक प्रस्ताव पेश किया गया। सदन सभी दलों के नेताओं ने अटल जी को श्रद्धांजलि दी। जिसके बाद सदन की कार्यवाही 27 अगस्त यानी सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।

विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि अटलजी हमेशा सभी के रहे और सभी को ऊपर उठाने का प्रयास किया। अटलजी ने अपनी लाइन में भी कहा है कि हे प्रभु मुझे इतनी ऊंचाई मत देना की गैरों को गले न लगा सकूं। विपक्ष के रूप में भी अटलजी के तौर-तरीकों का अनुसरण करना जरूरी है। हम सभी ने सदन में देखा और पाया वह कटुवाणी का इस्तेमाल कभी नहीं करते थे। हम लोग अक्सर उनके विचारों को सुनकर ठहाका लगाया करते थे। अटलजी पक्ष और विपक्ष सभी कि अच्छे कामों की हमेशा सराहना करते थे। वे जब भी कुछ कहते थे उसका बड़ा मतलब होता था। अटलजी हमेशा एक सफल पत्रकार कवि और राजनेता के रूप में याद किए जाएंगे।

बता दें कि मानसून सत्र के पहले ही दिन सदन के बाहर सपा नेताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इस दौरान प्रदेश की योगी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने ‘दलित विरोधी ये सरकार, कानून व्यवस्था ध्वस्त है योगी बाबा मस्त हैं’ के नारे लगाए। सपा नेताओं ने प्रदेश सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार दिया।