हरदोई, सू0वि0, 28 दिसम्बर 2018ः- 27 दिसम्बर की देर रात जिलाधिकारी पुलकित खरे ने नगर के जिन्दपीर चौराहा, हनुमान मंदिर चौराहा, रेलवे स्टेशन, लखनऊ चुंगी, सिनेमा चौराहा, बड़ा चौराहा, नुमाइश चौराहा पर नगर पालिका परिषद द्वारा गरीबों के लिए सर्दी से बचाव के लिए लगाये गये आग के अलावों का निरीक्षण किया ।
रेलवे स्टेशन, महिला-पुरुष एवं महिला अस्पताल, नगर पालिका एवं श्रीशचन्द्र बारात घर में असराय लोगों के लिए बनाये गये रैन बसेरों का भी निरीक्षण जिलाधिकारी ने किया । रैन बसेरों में ठहरे लोगों से बात की । इस पर लोगों ने कहा कि यह प्रशासन का गरीबों के प्रति अच्छा कदम है। निरीक्षण के दौरान श्री खरे ने विभिन्न स्थानों पर अलाव ताप रहे लोगों से पूछा कि अलाव कितने दिन से लगाया जा रहा है इस पर लोगों ने बताया कि कई दिनों से नगर पालिका द्वारा अलाव जलाये जा रहे है जिससे आम लोगों को काफी राहत मिल रही है। नगर भम्रण के दौरान जिलाधिकारी ने रेलवे स्टेशन, लखनऊ चुंगी, नुमाईश चौराहा, पुरुष अस्पताल के सामने आदि स्थानों पर सड़क किनारे पड़े लोगों को अपने हाथों से कम्बल ओढ़ाया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार एवं अन्य राजस्व विभाग के उपस्थित अधिकारियों से कहा कि इस सर्दी को ध्यान में रखते हुए जरूरतमंद गरीबों एवं असहाय लोगों को नियमित कम्बल वितरण के साथ नगर पालिकायें चयिनित स्थानों पर प्रतिदिन अलाव जलाना सुनिश्चित करें। रात्रि भ्रमण के दौरान अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सुख सागर मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर ओ0पी0 गुप्ता, तहसीलदार, अधिशाषी अधिकारी जी0लाल आदि मौजूद रहे।