हिंदी कविता : कलियुग का रंग

गधे के सिर पर सींग आ गये, गाय जन रही घोड़ा।
दिखने लगा रंग कलियुग का, अब तो थोड़ा-थोड़ा॥

कौआ मोती चुगने निकला, हंस चुग रहा है दाना।
उल्लू दिन में राज कर रहे, कोयल रात गा रही गाना।
काई कुमति बनी मन जामी, राह दिख रहा रोड़ा।
दिखने लगा रंग कलियुग का, अब तो थोड़ा-थोड़ा॥

झूठों की पौ बारह है, सच साबित करने पड़ते।
चोर मचायें शोर गली में, साहूकार यहाँ डरते।
आँखों में वो धूल झोंककर, भरते अपना झोला।
दिखने लगा रंग कलियुग का, अब तो थोड़ा-थोड़ा॥

बाप खड़ा है दरवाजे पर, बेटा बना सयाना।
माँ की ममता बोझ बनी, धन ही बना ठिकाना।
खून पसीना दूध भूलकर, मुँह रिश्तों से मोड़ा।
दिखने लगा रंग कलियुग का, अब तो थोड़ा-थोड़ा॥