माइनर की सफाई न होने से दर्जन भर गांव हुए जलमग्न

अलावलपुर, बरखेरिया ,पतोनमिश्र, सहादतनगर, बहादुरनगर क्षेत्र में सब पानी पानी है । नहर विभाग की लापरवाही के चलते माइनरों की सफाई समय पर नहीं किये पाने के कारण माइनर ओवरफ्लो हो रहे हैं ।

गाँव के गाँव पानी से लबालब हैं । खेत खलिहान सभी में पानी भरा है । बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं । किसान नेता राहुल मिश्रा ने कहा कि किसान बेबस और बेसहारा हो गए हैं और जिम्मेदार कहते हैं कि किसानों ने स्वयं माइनर काटे हैं । अधिकारी होश में आएं और किसानों पर दोषारोपण करने की जगह अपना दायित्व निभाएं । विभाग की लापरवाही का शिकार हुए किसानों को समय रहते मुआवजा दिलाने का काम करें व अतिशीघ्र माइनर की सफाई करा कर ओवरफ्लो हो रहे माइनरों को बंद कराने का काम करें । अन्यथा आने वाली 15 तारीख को हजारों की संख्या में क्षेत्र के किसान नहर विभाग व जिले के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे ।

नहर विभाग की लापरवाही के चलते जनपद में कई जगहों पर माइनरों के फटने की शिकायत किसानों के द्वारा आ रही है जिससे किसानों की फसल को काफी नुकसान हुआ है । जिम्मेदार अधिकारी जल्द किसान हित में निर्णय लें । नहीं तो इस स्थिति में किसान नहर विभाग के लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन को मजबूर होंगे । इस मौके पर राहुल मिश्रा, सत्यवीर वीर सिंह रिंकू, अखिलेश बाजपेई, रामशरण सिंह आदि किसान मौजूद रहे ।