ट्रक से कुचलकर युवक की मौत

हरपालपुर- कटरा बिल्हौर हाईवे पर लोनार थाना क्षेत्र के बरसोहिया गांव के पास अंतिम संस्कार से वापस लौट रहे एक व्यक्ति को ट्रक ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के बाद हाईवे पर करीब 2 घंटे लंबा जाम लग गया। लोनार कोतवाली क्षेत्र के रामापुर छैया गांव निवासी सुरेश चौहान( 54) अपने समधी हरपाालपुर कोतवाली क्षेत्र के सुभौआपुर निवासी दिवंगत रामसरन के अंतिम संस्कार के लिए चियासर घाट गया था। ट्रैक्टर से वापस लौटते समय बरसोहिया गांव के पास उतर कर पैदल सड़क पार कर रहा था। तभी बरेली की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे सुरेश की ट्रक के नीचे पहिए से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा करते हुए पुलिस की मदद से सांडी थाना क्षेत्र में पकड़ लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूचना पाकर लोनार पुलिस मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों को समझा बुझाकर शांत किया ।शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।