भारत ने अमरीका में कैलिफोर्निया में भारतीय मूल के एक परिवार के सदस्यों के अपहरण और हत्या की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दुख व्यक्त किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने आज नई दिल्ली में संवाददाताओं को जानकारी देते हुए कहा कि भारत का महावाणिज्य दूतावास परिवार के संबंधियों के संपर्क में है और सभी सहायता प्रदान कर रहा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने वास्तविक नियंत्रण रेखा पर भारत-चीन गतिरोध के बारे में कहा कि स्थिति अभी पूरी तरह सामान्य नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ सकारात्मक कदम उठाए गए हैं लेकिन अभी और करने की भी जरूरत है।
पाकिस्तान की हिरासत में भारतीय कैदियों की मौत पर श्री अरिंदम बागची ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कैदियों की मौत की बढ़ती संख्या हमारे लिए चिंताजनक है और यह ये स्थिति पाकिस्तान की जेलों में सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह लगाती है।
श्री बागची ने भारतीय नागरिकों को एक बार फिर सलाह देते हुए कहा कि वे लाओस, कम्बोडिया और म्यांमा से नौकरी के फर्जी प्रस्तावों में फंसने से बचें। उन्होंने कहा कि म्यांमार से अब तक लगभग 50 लोगों को बचा लिया गया है और सरकार अन्य को भी वापस लाने के प्रयास कर रही है।