२१ मई २०२३ के मुख्य समाचार

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पापुआ न्यू गिनी पहुंचने पर भव्य स्वागत। कल पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे के साथ संयुक्त रूप से हिंद-प्रशांत द्वीप समूह सहयोग फोरम शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेंगे।
  • प्रधानमंत्री ने जिनेवा में 76वीं विश्व स्वास्थ्य सभा को वर्चुअली संबोधित किया। कहा- भारत स्वस्थ विश्व बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध।
  • श्री मोदी ने जेनेवा में 76वीं विश्व स्वास्थ्य सभा को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि भारत के प्राचीन शास्त्र पूरे विश्व को एक परिवार के रूप में देखना सिखाते हैं।
  • उन्होंने कहा कि जी-20 की अध्यक्षता के दौरान भारत एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य के विचार के साथ काम कर रहा है।
  • भारतीय प्रधानमंत्री ने कहा कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए भारत का दृष्टिकोण एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य है। उन्होंने विश्व स्वास्थ्य संगठन के पहले वैश्विक परंपरागत औषधि केंद्र की स्थापना भारत में करने पर प्रशंसा की।
  • श्री मोदी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष के माध्यम से पूरा विश्व मोटे अनाज की महत्वपूर्ण उपयोगिता पहचान रहा है।
  • पर्यटन पर जी-20 कार्यकारी समूह की तीसरी बैठक कल जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आरंभ होगी।
  • बेंगलुरु में भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त, एक व्यक्ति की मृत्यु। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ केरल के दो दिवसीय दौरे पर आज तिरुवनंतपुरम पहुंचे।
  • उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की यह पहली केरल यात्रा है। श्री धनखड़ ने तिरुवनंतपुरम में प्रसिद्ध श्री पद्मनाभ स्वामी मंदिर में पूजा अर्चना की।
  • भारतीय रिजर्व बैंक ने स्पष्ट किया बिना पर्ची भरे बैंक से एक बार में दो हजार रुपये के दस नोट बदले जा सकते हैं।
  • तीन सौ अस्सी से अधिक हज यात्रियों का पहला जत्था आज रात दिल्ली से रवाना होगा।
  • आईपीएल क्रिकेट में आज मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को आठ विकेट से हराया।