प्राथमिक विद्यालय, इस्माइलगंज का वार्षिकोत्सव एवं होलीमिलन-समारोह सम्पन्न

विशिष्ट कार्योँ मे निपुण छात्र-छात्राओँ को मेडल प्रदान किये गये

प्रयागराज। गत दिवस विकास-खण्ड सोराँव के अन्तर्गत संचालित प्राथमिक विद्यालय, इस्माइलगंज प्रथम मे अत्यन्त भव्य ढंग से वार्षिकोत्सव सम्पन्न हुआ, जिसमे छात्र-छात्राओँ ने आदर्शपूर्ण तरीक़े से होली खेली; वहीँ कार्यक्रम मे उपस्थित समस्त अतिथिवृन्द एवं अन्य जन होलीमिलन-स्वरूप एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाते हुए, सुमधुर दृश्य उपस्थित किया।

सर्वप्रथम दीप-प्रज्वलन एवं सरस्वती-वन्दना के साथ कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि सोराँव के ब्लॉक-प्रमुख प्रदीप कुमार पासी ने कहा– विद्यालय एक मन्दिर है। कोई विद्यालय छोटा नहीँ होता; छोटा होता है तो व्यक्ति का सोच। इस विद्यालय मे अच्छे और क़ाबिल शिक्षिकाओँ-द्वारा शिक्षा दी जा रही है, अत: अभिभावकोँ को चाहिए कि वे अपने आस-पास के लोग को प्रेरित करेँ कि वे अन्य बच्चोँ को विद्यालय भेजेँ। खण्ड शिक्षा अधिकारी, सोराँव सुमन मिश्र ने कहा– बच्चोँ को विद्यालय भेजेँ, जिससे वे शिक्षा से वंचित न रहेँ। आजके बच्चे ही कल किसी-न-किसी क्षेत्र मे अपना मुकाम हासिल करते हुए, देश का नाम गर्व से ऊँचा करेँगे।

विशिष्ट अतिथि के रूप मे डाइट, प्रयागराज की प्रवक्ता ऋचा, खण्ड शिक्षा अधिकारी, सोराँव सुमन मिश्र, खण्ड विकास अधिकारी सोराँव सुभाष चंद्र यादव, शिक्षक संघ अध्यक्ष धर्मेन्द्र त्रिपाठी, पं० हनुमान दत्त त्रिपाठी इण्टरमीडिएट कॉलेज, इस्माइलगंज के प्रधानाचार्य वेद प्रकाश मिश्र, ग्रामप्रधान कमलेश गुप्ता, ए० आर० पी० रीता शर्मा, सन्तलाल, विपिन पाण्डेय,अभिनव उपाध्याय और अखिलेश शुक्ला का अभिनन्दन किया गया।

वार्षिकोत्सव मे छात्र-छात्राओँ ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति के द्वारा बच्चोँ मे अधिक मोबाइल फ़ोन प्रयोग करने से किस प्रकार की क्षति होती है, इसकी जानकारी दी थी। इसी क्रम मे उन्होँने नृत्य, गायन एवं अँगरेज़ी-भाषा मे एक मोहक प्रस्तुति की थी। पाठशाला की शिक्षिका-द्वय गरिमा तिवारी और कंजिका पाण्डेय ने कठपुतली-नाटिका और नृत्य के माध्यम से किस तरह से शिक्षा को बढ़ावा दिया जा सकता है और आकर्षक शैक्षिक वातावरण बनाया जा सकता है, इसे समझाया।

इसी अवसर पर निपुण छात्र-छात्राओँ को मेडल और मोमेण्टो प्रदानकर, उनका मनोबल बढ़ाया गया। पाठशाला की ओर से सर्वाधिक अनुशासित उन पाँच माता-पिताओँ और अभिभावकोँ का चयन कर, सम्मानित किया गया, जो अपने बच्चोँ के शिक्षण-कार्योँ और उनके अच्छे संस्कार के प्रति सर्वाधिक जागरूक देखे जा रहे हैँ। पाठशाला की सर्वाधिक अवस्थावाली सेविका बूढ़ा दाई का शॉल भेँटकर सम्मान किया गया। समारोह का संयोजन गरिमा तिवारी ने किया था और संचालन कंजिका पाण्डेय ने।

इस अवसर पाठशाला की प्रधानाध्यापक राजकुमारी, शिक्षिकाएँ संध्या, आँचल, संजू, कंचन एवं समस्त मातापिता और अभिभावकोँ की उपस्थिति सराहनीय रही।