दीपक कुमार श्रीवास्तव-
कछौना (हरदोई) । नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर फैली अफवाहों के चलते हो रहे विरोध प्रदर्शनों से बिगड़ रहे माहौल को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अलर्ट जारी कर दिया है। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद के समस्त थानों पर पीस कमेटी की बैठक और लोगों के बीच जाकर सामाजिक सौहार्द्र बनाए रखने का संदेश दिया जा रहा है। वही अफवाह फैलाने वालों के प्रति सख्त रुख भी प्रशासन ने साफ कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को कोतवाली कछौना के प्रभारी निरीक्षक ने नगर भ्रमण कर से लोगों से शांति सौहार्द बनाए रखने व अफवाहों से बचने की अपील की।
शुक्रवार सुबह कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राय सिंह ने पुलिस बल के साथ कस्बे के गौसगंज मार्ग स्थित इस्लामनगर से स्टेशन रोड होते हुए नगर के विभिन्न मोहल्लों का भ्रमण किया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक ने अनाउंसमेंट करते हुए कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम से देश के किसी भी नागरिक चाहे वह किसी भी जाति संप्रदाय का हो, की नागरिकता पर कोई भी प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ने वाला है। नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर शरारती तत्वों द्वारा समाज में धर्म/संप्रदाय विशेष की नागरिकता पर खतरे की भ्रामक अफवाहें फैलाई जा रही हैं। सोशल मीडिया पर ऐसी कोई भी भ्रामक पोस्ट व कमेंट न करें, जिससे माहौल खराब हो।
पूरे प्रदेश में धारा 144 लागू है किसी को अपने हाथों कानून लेने की जरुरत नहीं है। अनावश्यक एक स्थान पर पाँच या पाँच से अधिक लोग इकट्ठा ना हो। यदि कोई भी भ्रामक सूचना फैला रहा है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। अफवाह फैलाने वालों और शांति भंग का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर बनाए गए वालंटियर ग्रुप के माध्यम से डिजिटल वालंटियरर्स से अपील की है कि नगर की महत्वपूर्ण कड़ी होने का निर्वाहन करते हुए किसी भी प्रकार की अफवाह का तत्काल खंडन करें और विभिन्न प्रचार/प्रसार के माध्यमों से जनता को गुमराह होने से बचाएं ताकि क्षेत्र में शांति, सौहार्द और भाईचारे का माहौल कायम रहे।