दादा साहब फाल्‍के पुरस्‍कार से सम्‍मानित किए जाएंगे दिवंगत अभिनेता विनोद खन्‍ना

'मॉम' फिल्‍म के लिए मरणोपरांत अभिनेत्री श्रीदेवी को सर्वश्रेष्‍ठ अभिनेत्री का खिताब

आज मरणोपरांत जाने-माने हिन्‍दी फिल्‍म अभिनेता विनोद खन्‍ना को दादा साहब फाल्‍के पुरस्‍कार से सम्‍मानित करने की घोषणा की गयी है । भारतीय सिनेमा के इस सर्वोच्‍च सम्‍मान को प्राप्‍त करने वाले स्‍वर्गीय विनोद खन्‍ना 49वें व्यक्ति हैं । असमिया फिल्‍म विलेज रॉकस्‍टार ने सर्वश्रेष्‍ठ फिल्‍म का राष्‍ट्रीय पुरस्‍कार जीता है । दिवंगत फिल्‍म अभिनेत्री श्रीदेवी को ‘मॉम’ फिल्‍म के लिए मरणोपरांत सर्वश्रेष्‍ठ अभिनेत्री का पुरस्‍कार दिया जाएगा । ऋ़द्ध‍ि सेन को बंगाली फिल्‍म नगरकी‍र्तन में भूमिका के लिए सर्वश्रेष्‍ठ अभिनेता चुना गया है ।

हिंदी की सर्वश्रेष्‍ठ फिल्‍म के पुरस्‍कार के लिए न्‍यूटन को चुना गया है । वहीं बाहुबली-2 को भरपूर मनोरंजन के लिए सर्वश्रेष्‍ठ लोकप्रिय फिल्‍म के लिए चुना गया है । फिल्‍म थोंडीमुथलम द्रिकशाक्शियम के लिए श्रेष्‍ठ सह-अभिनेता के रूप में फहाद फाजिल और हिंदी फीचर फिल्‍म इराडा के लिए दिव्‍या दत्‍ता को श्रेष्‍ठ सहअभिनेत्री का पुरस्‍कार दिया जाएगा । मलयालम फिल्‍म भयानकम के लिए जयराज को श्रेष्‍ठ निर्देशक के पुरस्‍कार के लिए चुना गया है।