राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा “विद्यार्थी विज्ञान मंथन (VVM) 2026-27” में छात्रों के ऑनलाइन पंजीकरण शुरू

वीवीएम परीक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित छात्र-छात्राएं कैश पुरस्कार, सम्मान पत्र, मोमेंटो के साथ-साथ राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद् के इन्नोवेशन हब की वार्षिक सदस्यता, एक साल तक ₹2000/ मासिक की दर से कुल ₹24000/ भास्कर छात्रवृत्ति एवं लगभग तीन हफ्तों तक प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे-इसरो, डी.आर.डी.ओ, सी.एस.आई.आर, आई.आई.टी आदि मे सृजन इंटर्नशिप प्रशिक्षण लेते हैं।

विज्ञान भारती (विभा),राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT), शिक्षा मंत्रालय,भारत सरकार तथा राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (N.C.S.M), संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भारत की सबसे बड़ी विज्ञान प्रतिभा खोज परीक्षा विद्यार्थी विज्ञान मंथन (VVM) 2026–27 में छात्र-छात्राओं के रजिस्ट्रेशन अर्थात् पंजीकरण शुरू हो चुके हैं।

विद्यार्थी विज्ञान मंथन राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली ऑनलाइन प्रतिभा खोज परीक्षा है, जो स्कूल राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होती है। इस परीक्षा में स्वैच्छिक रूप से कक्षा-06 से कक्षा-11 तक के छात्र-छात्राएं व्यक्तिगत या सामूहिक रूप से विद्यालय स्तर पर वेबसाइट- www.vvm.org.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा के पंजीकरण अन्तिम तिथि 30 सितम्बर 2026 है। इस परीक्षा का शुल्क ₹200/- है।

सभी छात्र-छात्राएं ‘वी.वी.एम एप’ पर मोबाइल,टैबलेट्स, लैपटॉप या कंप्यूटर सिस्टम आदि डिजिटल उपकरणों के जरिये घर बैठे या अपने विद्यालयों में रहकर ऑनलाइन परीक्षा दे सकते हैं। परीक्षा की पूर्व तैयारी हेतु छात्र-छात्राएं 1 सितम्बर 2026 से शुरू होने वाले मॉक टेस्ट ऑनलाइन परीक्षा देने का अभ्यास एवं स्वयं का आकलन भी कर सकते हैं, उसके बाद इसी अपडेटेड ‘वी.वी.एम एप’ पर ही फाइनल परीक्षा भी होगी।

प्रथम स्तर पर विद्यालय स्तर की 90 मिनट की बहुविकल्पीय परीक्षाएं सुबह 10:00 बजे से शाम 06:00 बजे तक कक्षा-06 व 07 की 16 एवं 19 नवम्बर, कक्षा-08 व 09 की 17 एवं 20 नवम्बर, कक्षा-10 व 11 की 18 एवं 21 नवम्बर 2026 को आयोजित होगी, जिसका परिणाम 30 नवम्बर 2026 को घोषित होगा। राज्य पर चयनित छात्रों की द्वितीय स्तर की राज्य स्तरीय शिविर एवं परीक्षा 27 दिसम्बर 2026 एवं 03,10,17 जनवरी 2027 में से किसी भी दिन आयोजित होगी एवं राष्ट्रीय स्तर के शिविर एवं परीक्षा की तिथि एवं स्थल आदि 28 फरवरी 2027 को घोषित की जायेगी।

राज्य समन्वयक प्रदीप नारायण मिश्र ने बताया कि विद्यार्थी विज्ञान मंथन की परीक्षा में राष्ट्रीय स्तर के शिविर (परीक्षा) में चयनित छात्रों को कैश पुरस्कार, मोमेंटो, सम्मान पत्र आदि के साथ-साथ राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद् (एन.सी.एस.एम) के इन्नोवेशन हब की वार्षिक सदस्यता,एक साल के लिए ₹ 2000/- रुपये मासिक की दर से कुल ‌₹ 24,000/- भास्कर छात्रवृत्ति एवं भारत के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे- इसरो, डी.आर.डी.ओ, सी.एस.आई.आर, आई.आई.टी आदि स्थानों में तीन हफ्तों का सृजन इंटर्नशिप प्रशिक्षण देकर सम्मानित किया जाता है।

100 या इससे अधिक छात्रों का पंजीकरण करने वाले विद्यालय वैध प्रवेश टिकट के साथ राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद् (एन.सी.एस.एम) की इकाई का भ्रमण एवं विशेष गतिविधि या प्रदर्शनी का हिस्सा भी बनते हैं। परीक्षा से सम्बन्धित अधिक जानकारी हेतु विद्यार्थी/शिक्षक, विद्यार्थी विज्ञान मंथन की ऑफिशियल वेबसाइट www.vvm.org.in या राज्य समन्वयक प्रदीप नारायण मिश्र (9451410835) या जिला समन्वयक डॉ० एम० एल० पाल (7985746736) व सुधीर त्रिपाठी (7905837199) संपर्क कर सकते हैं।