दिनांक 09 जनवरी की रात्रि में ग्राम भौंता कमालपुर में शारदा नहर की कटान की सूचना प्राप्त होने पर अधिशासी अभियन्ता शारदा नहर से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो ज्ञात हुआ कि वह बिना पूर्वानुमति प्राप्त किये मुख्यालय से बाहर हैं। इसी प्रकार 11 जनवरी को पूर्वान्ह 10 बजे सेवा योजन अधिकारी उपस्थित नहीं मिले तथा जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि वह 10 जनवरी की सायं से ही मुख्यालय से बाहर गये हुये हैं।
इस पर जिलाधिकारी पुलकित खरे ने नाराजगी व्यक्त करते हुये कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि जनपद के अधिकारीगण बिना पूर्वानुमति प्राप्त किये मुख्यालय छोड़ने के अभ्यस्त हैं, जिसके कारण शासकीय कार्य पर विपरीत प्रभाव पड़ना सहज एवं स्वाभाविक है। जिलाधिकारी ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुये कहा है कि भविष्य में बिना अनुमति प्राप्त किये मुख्यालय से बाहर नहीं जायेंगे एवं अनुमति पत्र पर उनकी अनुपस्थिति में नैत्यक एवं आवश्यक कार्य संपादित करने वाले विभागीय अधिकारी का नाम, पता व मोबाइल नम्बर अंकित करेंगे । जिससे कि अपरिहार्य शासकीय कार्य बाधित न हो।