सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी दीपक भट्ट का निधन

प्रयागराज में ‘सरस्वती प्रकाशन’, ‘ऊर्जा प्रकाशन’, ‘लहर प्रकाशन’ आदिक प्रकाशन-प्रतिष्ठानों के स्वामी स्मृति-शेष श्रद्धेय व्यासनारायण भट्ट जी के सुपुत्र प्रियवर दीपक भट्ट का ‘कोविड’ से ग्रस्त होने के कारण कल (७ मई) एक स्थानीय निजी चिकित्सालय में देहावसान हो गया था। वे अपने मूल गृह ‘बैरहना’, प्रयागराज में रहते थे।

आचार्य पृथ्वीनाथ पाण्डेय के अनुसार उक्त प्रकाशन-प्रतिष्ठानों से मेरी बालसाहित्य की आरम्भिक पुस्तकें ‘चुन्नू और चिड़िया’, ‘भाग्य का खेल’, ‘महान् भारत की महान् बातें’ ‘जीव-जन्तुओं की अनोखी दुनिया’ आदिक प्रकाशित हो चुकी थीं और जब तक समादरणीय व्यासनारायण भट्ट जी थे तब तक हम एक परिवार के सदस्य के रूप में साहित्य-विषयक चर्चा-परिचर्चा एक निर्धारित अन्तराल पर करते थे।

एक पुलिस-अधिकारी के रूप में दीपक जी अनेक पदों पर कार्यरत थे। वे संगीत के अनुरागी भी थे। उनके दूसरे भाई प्रो० राजीव भट्ट अर्थशास्त्र-विषय के शिक्षक हैं।

हम दीपक जी के आकस्मिक निधन हो जाने पर अपनी भावांजलि अर्पित करते हैं।