अधिशाषी अधिकारी, कछौना का हुआ ग़ैरजनपद तबादला

नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि व सभासदों ने ली राहत की सांस

कछौना(हरदोई): नगर पंचायत कछौना पतसेनी की अधिशाषी अधिकारी रेणुका यादव का स्थानांतरण सदस्य विधान परिषद अशोक अग्रवाल के अथक प्रयास से गैर जनपद बांसगांव गोरखपुर हो गया। अध्यक्ष व सभासदगण की टीम व अधिशाषी अधिकारी के लंबे अरसे से चल रहे विराम लग गया।

अधिशासी अधिकारी के स्थानांतरण की खबर पर सभासदगणों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां मनाईं। नगर प्रमुख प्रतिनिधि विकास विश्वकर्मा उर्फ गोल्डी के अनुसार अधिशासी अधिकारी काफी दबंग व हठधर्मी थीं। चुने गए जनप्रतिनिधियों से संवाद नहीं करती थीं, जिसके कारण बोर्ड की बैठक लगभग पिछले डेढ़ वर्षो से प्रभावित थी। साथ ही साथ नगर के विकास कार्य भी प्रभावित थे। कस्बे के मुख्य मार्ग सहित मोहल्ले की सड़कें जर्जर हो गई थीं, आवागमन काफी दुष्कर था। सड़कों की हालत देखकर नगरवासियों में काफी आक्रोश था। कई वर्षों से शव वाहन खराब पड़ा था जिससे काफी असुविधा रहती है। नगर की अधिकांश हाईमास्क लाइटें खराब पड़ी हैं। नगरवासियों द्वारा दर्जनों बार शिकायत के बावजूद ठीक नहीं कराई जाती हैं। दर्जनों इंडिया मार्का नल खराब पड़े हैं जिससे नगर में पेयजल का संकट खड़ा है। पानी सप्लाई के लिए कई नलकूप खराब पड़े हैं।

नगर की प्रमुख समस्या जलनिकासी के लिए कोई ठोस कार्य योजना नहीं बनी थी। जिसके कारण बरसात के समय नगर जलमग्न हो जाता है और संक्रामक बीमारियां फैलने की प्रबल संभावना बनी रहती है।

अधिशासी अधिकारी के तानाशाही व हठधर्मी स्वभाव के कारण नगर पंचायत में आए दिन विवाद की स्थिति उत्पन्न होती थी। उनका बोर्ड की बैठक से चले जाना, संवादहीनता को लेकर, लग्जरी गाड़ियों से सभासदों के घर पर बाहरी लोगों को लेकर विवाद पैदा करना इनके लिए भारी पड़ गया। पूरे प्रकरण को लेकर क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा व सदस्य विधान परिषद अशोक अग्रवाल ने कई बार आपस में संवाद कराने का प्रयास किया परंतु दोनों पक्षों के बीच कोई फर्क नहीं पड़ा। सदस्य विधान परिषद ने शासन को पत्र लिखकर नगर पंचायत कछौना पतसेनी के मामले से अवगत कराया। उन्होंने पत्र में बताया कि आपसी मतभेद विवाद के कारण विकास कार्य प्रभावित हैं। आरोप-प्रत्यारोप के अलावा मामला कोतवाली कछौना में पहुंच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिशासी अधिकारी का तबादला तत्काल आवश्यक है। शासन ने मामले की गंभीरता को समझते हुए सदस्य विधान परिषद के निर्देश पर अधिशाषी अधिकारी का तत्काल स्थानांतरण कर दिया। सभासदों ने इस खबर को सुनकर राहत की सांस ली एवं सदस्य विधान परिषद के इस कदम की सराहना भी की। सभासदों की टीम व नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि ने कार्यालय में खुशियां मना कर एक दूसरे को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा किया।

रिपोर्ट- पी.डी. गुप्ता