पैरालिम्पिक २०२०– शाबाश भाविना! कल चीन को पराजित कर ‘स्वर्णपदक’ जीतो

★ आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय

आज (२८ अगस्त) टोक्यो में आयोजित पैरालिम्पिक खेलकूद-प्रतियोगिता में भारतीय महिला टेबिल टेनिस-खिलाड़ी भाविना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए, फ़ाइनल में अपना स्थान बना लिया है। इस प्रकार भाविना के स्वर्णपदक जीतने की आशा बलवती हो चुकी है।

कल (२९ अगस्त) भाविना का स्वर्णपदक जीतने के लिए चीन की येंग जोऊ से मुक़ाबला होगा।

ज्ञातव्य है कि पैरालिम्पिक खेल-प्रतियोगिता ओलिम्पिक के समानान्तर उन खिलाड़ियों के लिए आयोजित की जाती है, जिनके शरीर का/के अंग स्थायी रूप से असमर्थ (अपंग) रहता/रहते है/हैं।

उल्लेखनीय है कि आज गुजरात-निवासिनी ३४ वर्षीया भाविना ने चीन की ही खिलाड़ी मियाओ को पराजित कर फ़ाइनल में प्रवेश किया है। उससे पूर्व भाविना ने क्वार्टर फ़ाइनल में सर्बिया की बेरिस्लावा पेरिच रांकोविच को पराजित किया था।

(सर्वाधिकार सुरक्षित– आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; २८ अगस्त, २०२१ ईसवी।)