महोबा(उत्तर प्रदेश)- महिलाओं के साथ दिनों-दिन बढ़ रही बलात्कार की घटनाओं को लेकर विरोध प्रदर्शन का सिलसिला लगातार जारी है । हरदोई के बाद शनिवार को महोबा जनपद के खरेला में क्रांतिकारी जनसंघर्ष मोर्चा की महोबा ईकाई ने बहन-बेटियों के साथ हो रही छेड़छाड़ और बलात्कार की घटनाओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया । संगठन ने सरकार और माननीय न्यायालय से बलात्कार की घटनाओं में संलिप्त सभी अपराधियों को फांसी की सजा देने की मांग की ।
शनिवार सायं सात बजे क्रांतिकारी जनसंघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ता खरेला के बिहारी मंदिर में इकट्ठा हुए । वहां महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे को लेकर गोष्ठी का आयोजन किया । उसके बाद कार्यकर्ताओं ने बच्चों को साथ लेकर विरोध प्रदर्शन किया । बच्चों ने बहनों हम शर्मिंदा हैं-बलात्कार के दोषी जिंदा हैं,बलात्कार के आरोपियों को फांसी दो के नारे लगाये । कार्यक्रम का आयोजन सोनू महराज ने किया ।
संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ता रम्मू ने कहा अब तो हर रोज क्रूरता की एक नयी घटना सामने आ रही है, जो प्रदेश सरकार के सख्त प्रशासन की पोल खोल रही है ।स्कूलों में बच्चियों के साथ बलात्कार की घटनाएँ सामने आ रहीं हैं । आखिर कब तक चलता रहेगा ये वहसीपन ?कब रुकेंगे हमारी बेटियों पर हो रहे अत्याचार ?
कब जागेंगें हमारे भाई? बेटियों पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठानी पड़ेगी । ज़रा सोचिए क्या गुज़रती होगी उन माता -पिता पर जिनके कलेजे के टुकड़े के साथ दरिंदे ऐसी बर्बरता करते हैं । बस अब बहुत हुआ, अब हम अपनी बेटियों पर हो रहे अत्याचारों को सहन नहीं करेंगे ।होश में आओ मेरे भाइयों,अब हम सभी को मिलकर इनके खिलाफ कोई ठोस कदम उठाना होगा । अब दहाड़ दो शेरों और दिखा दो अपनी एकता की ताकत दुष्कर्म करने वालों को फाँसी होनी चाहिये ।
कार्यक्रम के आयोजक सोनू महराज ने कहा कि देश की बेटियों के साथ बलात्कार छेड़छाड़ करने वाले अपराधियों को हर कीमत पर फांसी दिलाना क्रांतिकारी जनसंघर्ष मोर्चा का उद्देश्य है । बलात्कारियों की सिर्फ एक ही सजा फांसी होनी चाहिए । सोनू महराज ने कहा महिलाओं बच्चियों के साथ बढ़ती बलात्कार जैसी घटनाओं ने समाज को झकझोर कर रख दिया है । यह हमारे लिए घोर चिंता का विषय है लेकिन देश और प्रदेश की निकम्मी सरकारें महिला सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर निष्क्रिय हैं । बच्चियों के साथ बढ़ती जा रही बलात्कार की घटनाओं के बाद भी सरकारें सोयी हुईं हैं । नेता जेब भरने में जुटे हैं और कानून व्यवस्था चौपट है । अब यह और बर्दाश्त नहीं किया जा सकता । अगर सरकारों ने बहन-बेटियों की सुरक्षा को लेकर कोई बड़ा कदम नहीं उठाया तो जनता बड़ा कदम उठाने के लिए तैयार है ।कैंडल मार्च सोयी हुईं सरकारों के लिए महज एक संकेत है जागो और कुछ करो ! नहीं तो बहनों को न्याय दिलाने के लिए आन्दोलन होगा । बलात्कार के अपराधियों की एक ही सजा फांसी होनी चाहिए इसके लिए भले ही कानून में पुनर्संशोधन करना पड़े ।
इससे पहले शाम को नगर के बिहारी जी मंदिर में संगठन के कार्यकर्ता इकठ्ठे हुए और महिलाओं के साथ बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त की । कार्यक्रम में महोबा जिला कमेटी के अध्यक्ष इत्यादि लोग उपस्थित रहे ।