छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में जांगला गांव से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज बदलाव के आंकाक्षी जिलों में आमूल परिवर्तन के कार्यक्रम की शुरूआत करेंगे। बीजापुर देश के उन सबसे गरीब जिलों में से एक है, जिन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और वित्तीय समावेशन में पिछड़ेपन के संकेतकों के आधार पर चुना गया है।
प्रधानमंत्री आज आयुष्मान भारत योजना के तहत बनाए जा रहे डेढ़ लाख सम्पूर्ण स्वास्थ्य केन्द्रों में से पहले केन्द्र की शुरूआत भी करेंगे। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी माओवादी प्रभावित बस्तर क्षेत्र में बीजापुर जिले के जांगला गांव से आयुष्मान भारत योजना के सम्पूर्ण स्वास्थ्य केन्द्र घटक का शुभारंभ करेंगे। इसका उद्देश्य गांवों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को, जिला अस्पतालों और अन्य अस्पतालों से जोडना है। इस योजना के अंतर्गत देश भर में करीब डेढ़ लाख ऐसे केन्द्र बनाकर स्वास्थ्य सुविधाओं को लोगों के करीब पहुंचाया जाएगा। आयुष्मान भारत योजना के दूसरे घटक के अंतर्गत देश के करीब 10 करोड़ गरीब परिवारों को पांच लाख रूपये का स्वास्थ बीमा कवच उपलब्ध करवाया जाएगा।