मुख्यमन्त्री आदित्यनाथ योगी ने लखीमपुर खीरी भ्रमण के दौरान विख्यात दुधवा नेशनल पार्क के मुख्य द्वार का लोकर्पण किया । श्री योगी ने तीन दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय बर्ड फेस्टिवल-2018 का शुभारम्भ किया । श्री योगी ने दुधवा नेशनल पार्क पर बनी कॉफी टेबल बुक, दुधवा प्राणी उद्यान की फोटोबुक और कैलेंडर सहित ईको सर्किट मैप बोर्ड का विमोचन भी किया। मुख्यमन्त्री ने हस्तशिल्प के 30 स्टालों का अवलोकन करते हुए आर्ट गैलरी का उदघाटन किया।
उत्तर प्रदेश में इको टूरिज्म की दृष्टि से ऐसे 38 स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जिसमें पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं । इससे बड़ी संख्या में पर्यटकों को प्रदेश की ओर आकर्षित किया जा सकता है, जिससे रोजगार का सृजन होगा और नौजवान युवकों को काम मिलेगा । दुधवा पार्क में पर्यटन को प्रमोट करना होगा। स्थानीय लोगों को जोड़कर ही जंगलों की सुरक्षा की जा सकती है और पर्यटन को बढ़ावा भी दिया जा सकता है । मुख्यमन्त्री ने जिला प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर सुहैली नदी को साफ कराने और सुहैली को पुनर्जीवित कराने के निर्देश दिए।