रिपोर्ट : पी डी गुप्ता-
कछौना(हरदोई)–विकासखण्ड कछौना के अंतर्गत ग्राम सभा त्योरी मतुआ को जाने वाली विद्युत लाइन पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है,कई जगह तार ढीले जोड़युक्त व जर्जर होने से आये दिन तार टूटने की घटनायें होती रहती हैं, जिससे किसानो की फसल व जानवर प्रभावित होते है | इस समस्या की शिकायत ग्रामीणों ने कई बार उच्च अधिकारियों से की है| परन्तु अभी तक इस समस्या का निराकरण नही हुआ है |
बताते चले विद्युत उपकेन्द्र कछौना से दर्जनों ग्रामों में विद्युत आपूर्ति के लिए 11 हजार की लाइन गई है| जिससे ग्राम त्योरी ,बनियन खेड़ा ,गनेश पुर ,मतुआ , मरेउरा , आदि ग्रामो को विद्युत आपूर्ति की जाती है | इस लाइन के तार काफी पुराने व जर्जर हो चुके है, जिसके चलते आये दिन तार टूटने की घटना से कोई न कोई नुकसान होता रहता है | पिछले वर्ष किसानों के खेतों में तार टूटने से सैकड़ो बीघे फसल जलकर खाक हो गयी थी व तार टूटने से कई जानवर भी मर चुके है| वहीं कई दिनों तक विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो जाती है | विभागीय अधिकारी बजट का रोना रोते हैं | वहीं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि इस समस्या की तरफ ध्यान देना मुनासिब नही समझते है | शायद कोई बड़ी अनहोनी घटना के बाद शासन प्रशासन सुध लें| ग्रामीण दीपू सिंह, परमेश्वर दयाल ,आरिफ ,संदीप सिंह के द्वारा पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री को पत्र के माध्यम से की गयी है|