गाँवों की दुर्दशा देखने ग्रामसभा कनवार के छंगू का पुरवा आइए !

कौशाम्बी। यूपी के कौशाम्बी जिले के कड़ा ब्लॉक के कनवार ग्रामसभा मजरा छंगू का पुरवा में जिम्मेदारों ने ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा है।

एक तरफ सरकार गावों के विकास के लिए सरकारी धन करोड़ों रुपए सालाना भेजती है। वहीं दूसरी तरफ गांव के विकास में आया पैसा कहां चला जाता है? किसी को कानों कान खबर नहीं लगती। गांव की स्थिति सुधरने के बजाय खराब होती जा रही है। छंगू का पुरवा गांव की स्थिति इतनी दयनीय है कि यहाँ के लोग अपने घर के सामने एक गड्ढा बना रखे हैं जिसमे घर का सारा गंदा पानी एकत्रित कर बाल्टी से निकाल कर बाहर ले जाकर दूर फेंकने जाते हैं। जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका हमेशा बनी रहती है। साफ सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति होती है। गरीब जनता बारिश में घर गिर जाने के बाद घास फूस की कुटिया बनाकर जीवन यापन कर रहे हैं। स्वच्छ जल धारा के अंतर्गत कुछ वर्ष पहले गांव के लोगों की प्यास बुझाने के लिए समरसेबल करवा कर टंकी और जनरेटर सरकारी धन से खरीदा गया था। लेकिन 6 माह से वह भी बिगडा पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि 10 वर्ष से अधिक समय हो गए गांव जैसा था वैसा ही है। आज तक कोई भी नया विकास नहीं हुआ है। गांव में लगे सरकारी हैंडपंप में आज तक फाउंडेशन नही बना है ।

ग्रामीणों ने गांव की नाली, खड़ंजा और हैंडपंप की स्थिति सुधारने के लिए जिला अधिकारी का ध्यान आकृष्ट करने की अपील की है।