मुख्यमन्त्री आदित्यनाथ योगी ने राजधानी लखनऊ में आयोजित 69वें गणत्रंत दिवस समारोह में माननीय राज्यपाल श्री राम नाईक का स्वागत किया । तत्पश्चात सैन्य दलों, सुरक्षा बलों, एनसीसी और स्कूलों की परेड का अवलोकन किया । इसके बाद माननीय राज्यपाल श्री राम नाईक को 69वें गणत्रंत दिवस के दौरान सलामी दी गई ।
मुख्यमन्त्री आदित्यनाथ योगी ने प्रदेशवासियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि कोई भी समाज तभी खुशहाल और समृद्ध हो सकता है, जब उनमें आपस में बेहतर समन्वय और तालमेल हो और जहां व्यक्तिगत राग-द्वेष के लिए स्थान न हो, जहां व्यक्तिगत स्वार्थ किसी व्यक्ति, समाज या व्यवस्था की प्रगति में बाधक न हो । मुख्यमन्त्री ने आगे कहा कि संसदीय लोकतंत्र में संविधान का अपना महत्व है । इस संसदीय लोकतंत्र में हमने जनता को जनार्दन के स्वरूप में माना है । हमें जनता की खुशहाली के लिए प्रयास करना चाहिए । संकल्प लें कि हम उत्तर प्रदेश को गंदगी, गरीबी और अराजकता से मुक्त करेंगे । हम प्रगति में बाधक विकृतियों को अपने उत्तर प्रदेश में घुसने नहीं देंगे । एकता और आपसी सौहार्द में बाधक बनने वाली संकीर्णताओं को प्रदेश के विकास में आड़े नहीं आने देंगे ।