केरल में कासरगोड में केन्द्रीय विश्वविद्यालय के नये परिसर का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए उप-राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडु ने कहा है कि भारत के लिए शिक्षा के क्षेत्र में विश्व शक्ति के रूप में उभरकर सामने आने का शानदार मौका है। उन्होंने शैक्षिक पाठ्यक्रम में आमूल परिवर्तन करने और विश्व स्तरीय शिक्षा प्रदान करने के लिए बुनियादी ढांचे में सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि 21वीं शताब्दी की जरूरतों को पूरा करने और शिक्षा तथा नवसृजन के क्षेत्र में भारत को फिर से अग्रणी राष्ट्र बनाने के लिए देश के हर एक शैक्षिक संगठन को मिशन मोड में काम करना चाहिए।