उत्तर भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप, जीवन अस्त-व्यस्त

उत्तर भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। राजस्थान के चुरू में आज सबसे ज्यादा 47 दशमलव पांच डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर में अधिकतम 46 दशमलव छह, बीकानेर और जैसलमेर में 45 दशमलव छह डिग्री सेल्सियम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान लू चलने और तेज गर्मी के जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है।

हिमाचल प्रदेश में आज तीसरे दिन भी भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बना रहा। दिल्ली में आज तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में सबसे अधिक है। आज का तापमान पिछले तीन वर्षों में सबसे अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है।