उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में कल भारी वर्षा और धूलभरी आंधी के बाद लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर आज तूफान और वर्षा की संभावना का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। राज्य में बिजली गिरने और वर्षा से जुड़ी दुर्घटनाओं में शुक्रवार को 28 लोगों की मौत हो गई थी।
मौसम विभाग ने भी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ सहित उत्तर भारत के कुछ स्थानों पर वर्षा, बिजली गिरने तथा आंधी का अनुमान व्यक्त किया है। वहीं केरल में भारी वर्षा के कारण होने वाली मौतों का आंकड़ा सोलह तक जा पहुंचा है। केरल में दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून के आगमन के साथ ही हवा के तेज थपेड़ों के साथ मूसलाधार बारिश जारी है।