भीषण कोहरे के चलते रोडवेज बस की टक्कर से दूध का टैंकर पलटा

               जिले के सुरसा थाना क्षेत्र में लखनऊ मार्ग पर पचकोहरा के पास रोडबेज बस की टक्कर से एक दूध से भरा टैंकर सड़क किनारे पलट गया।इस हादसे में टैंकर का दूध बह गया जिसको भरने के लिए आसपास के ग्रामीण घर से बर्तन लेकर दौड़े और भर ले गए।टैंकर में करीब आठ लाख रुपये के दूध के नुकसान की आशंका जताई गई है वही हादसे में टैंकर का ड्राईवर अमजद पुत्र बाबूअली निवासी सण्डीला आंशिक रूप से घायल हो गया।
           दरअसल हरदोई में भीषण कोहरे के चलते विजिबेलिटी काफी कम थी ऐसे में वाहन रेंगते हुए चल रहे थे।इस दौरान सुरसा थाना क्षेत्र में लखनऊ हरदोई मार्ग पर पचकोहरा के पास सण्डीला दूध डेयरी पर पिहानी सेंटर से दूध लेकर एक ज्ञान डेयरी का  टैंकर जा रहा था।इसी बीच लखनऊ रोड पर रोडवेज बस ने दुग्ध वाहन को पीछे से टक्कर मार दी जिससे दूध गाड़ी टैंकर सड़क किनारे खाई में पलट गया।हादसे में टैंकर चालक को हल्की चोट आईं जबकि रोडवेज बस में बैठे सभी यात्री सुरक्षित रहे।बस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
          वहीं जैसे ही टैंकर पलटने की लोगों को सूचना मिली तो लोग घर से बर्तन लेकर बड़े से छोटे बच्चे तक घटनास्थल पर दौड़ पड़े।टैंकर का दूध सड़क पर बह रहा था ऐसे में लोग बर्तन में दूध भरने लगे। इस दौरान ग्रामीणों में पहले हम को लेकर झडप भी हो गई।ग्रामीणों का कहना था कि जमीन पर नुकसान होने से अच्छा है कि दूध हमारे इस्तेमाल में आ जाए।कुछ देर के बाद पुलिस को सूचना मिली तो सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को वहां से हटाया।