अफगानिस्तान में तालिबान और इस्लामिक स्टेट के तीन अलग-अलग हमलों में दस सैनिकों सहित 28 से अधिक लोगों के मारे जाने की खबर है। पहला हमला तालिबान ने कूंदूज़ प्रांत में किया जिसमें दस अफगानी सैनिक मारे गये और पांच अन्य घायल हो गये।
पूर्वी गज़नी प्रांत में एक अन्य हमले में छह लोग मारे गये और तीन घायल हो गये। आज दिन में तीसरा हमला काबुल के ग्रामीण विकास और पुनर्वास मंत्रालय के बाहर किया गया। इसमें आत्मघाती हमलावर ने खुद को बम से उड़ा लिया जिसमें 12 लोग मारे गये और 31 घायल हुए। आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ने हमले की जिम्मेदारी ली है।