हरपालपुर कस्बे में मोबाइल चार्जिंग पर लगाते समय करंट लगने से एक छात्र की मौत हो गई। वहीं बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र में एचटी लाइन की चपेट में एक युवक की मौत हो गई।
हरपालपुर कस्बा निवासी सचिन (13) पुत्र बबलू राम मनोहर लोहिया बालिका इंटर कॉलेज में कक्षा आठ का छात्र था। परिजनों ने बताया कि सचिन तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उन्होंने बताया कि कस्बे में ही उसकी बुआ का घर है। रविवार शाम वह अपने फूफा पंकज कुमार के यहां आया था। जहां सोमवार सुबह मोबाइल चार्जिंग पर लगाते समय उसे करंट लग गया और वह जमीन पर गिर गया। परिजनों ने उसे देखा और उपचार के लिए सीएचसी ले गए, जहां पर उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम बदौली निवासी रामहेत (35) पुत्र शिवदीन खेतीबाड़ी का काम करते थे। परिजनों ने बताया कि रामहेत के पिता की बचपन में ही मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद रामहेत और उसकी मां अपने मायके ग्राम पलिया थाना मझिला चली गई थी। जहां पर मामा रामकिशन पुत्र छत्तर ने अपनी बेटी विट्टो की शादी उसके साथ कर दी थी। शनिवार को रामहेत के ताऊ छेदालाल की मौत हो गई थी। जिसमें शामिल होने के लिए रामहेत बदौली आया था। रविवार की रात रामहेत छत पर सो रहा था। छत के पास से ही एचटी लाइन निकली है। एचटी लाइन की चपेट में आने से रामहेत की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।