हरदोई- अतरौली-संडीला मार्ग पर ग्राम लालपुर पुलिया के पास एक मौरंग लदे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें दूधिए की मौत हो गई तथा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। गुस्साएं ग्रामीणों ने मार्ग जाम कर दिया। सीओ संडीला नागेश मिश्र एसडीएम ने समझा बुझाकर शांत कराया।
संडीला कोतवाली के ग्राम सूक्खुखेड़ा मजरा जंवर निवासी निजामुद्दीन (23) पुत्र साहिद अली दूध का व्यापार करता है। बुधवार को निजामुद्दीन शाहरूख पुत्र इबराल के साथ बाइक पर कैन लादकर दूध लेने के लिए मोहम्मदपुर जा रहा था। अतरौली-संडीला मार्ग पर ग्राम लालपुर पुलिया के पास संडीला की ओर से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें निजामुद्दीन की मौत हो गई तथा शाहरूख घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए मार्ग जाम कर दिया। जाम लगने की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण नहीं माने। इसके बाद सीओ संडीला नागेश कुमार और एसडीएम उदयभान सिंह ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया और जाम खुलवाई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने बताया की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर ट्रक को कब्जे मे ले लिया गया है।