पाली ( हरदोई ) नगर क्षेत्र में श्रीरामलीला मंचन की धूम मची हुई है । रामलीला मैदान में बुधवार को अंगद-रावण संवाद का सुंदर मंचन किया गया । दर्शकों ने तन्मयता से लीला मंचन का आनंद उठाया ।
कस्बे के रामलीला मैदान में रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित रामलीला मंचन के दौरान स्थानीय कलाकारों ने बुधवार को विभिन्न प्रसंगों को मंच पर जीवंत किया । राम दल के परामर्श पर भगवान श्रीराम अंगद को अपना दूत बनाकर रावण दरबार भेजते हैं । अंगद कई प्रकार से रावण को समझाते हैं कि वह अपनी हट छोड़कर माता सीता को प्रभु राम को सौंप दे , अन्यथा उसका समूल नाश हो जाएगा । अभिमानी रावण के घमंड को तोड़ने के लिए अंगद उसके दरबार में पांव जमाकर खड़े हो जाते हैं । बड़े-बड़े राक्षस वीर भी अंगद का पैर हिला तक नहीं पाते । अंत में रावण के गर्व को नष्ट कर अंगद वापस रामदल में लौट आते हैं । इसके बाद श्रीराम लंका पर चढ़ाई कर देते हैं। रावण के पात्र के रूप में नगर के कलाकार ने शानदार अभिनय कर लोगों को मंत्र मुग्ध कर दिया । इस मौके पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष , कोषाध्यक्ष , सहित नंदकिशोर शुक्ला , रामबाबू शुक्ला , सतीश पाठक , धर्मेन्द्र कटियार , श्याम सुंदर दीक्षित आदि मौजूद रहे ।