न्यू इण्डिया’ के लुटेरे ‘कहार’ देखिए!

डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय
(प्रख्यात भाषाविद्-समीक्षक)

डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय


डोली ‘हिन्दुत्व’ औ’ ‘विकास’ की उठी,
‘न्यू इण्डिया’ के लुटेरे ‘कहार’ देखिए!
‘अच्छे दिन’ की चिड़िया फुर्र हो गयी,
सौ डिग्रीवाला चुनावी बुख़ार देखिए!
धर्म से शून्य, पर ज्ञान बाँटने में दक्ष,
खिंची हिन्दू-मुसलिम दीवार देखिए!
पतझर में ही चेहरा जवान हो रहा,
शातिर राजनीति की बहार देखिए!
न राम से प्रयोजन, न रहीम से रिश्ता,
एक-दूसरे पर करते हैं प्रहार देखिए!
गोशाला-गोबर करतेे देश का विकास,
राजमार्गों पर गायों का विहार देखिए!
“डंके की चोट पर” छप्पन इंच का सीना,
हर पल यहाँ मनुजता का संहार देखिए!
राष्ट्रधर्म की प्रतिदिन बोली लगती है यहाँ,
जाति-वर्ग में जो खिंची है तलवार देखिए!

(सर्वाधिकार सुरक्षित : डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, इलाहाबाद; २७ अक्तूबर, २०१८ ई०)