हरदोई- पिहानी सामुदायिक स्वास्थ केंद्र के प्रभारी डा. वैभव जायसवाल की पत्नी डा. मौसमी जायसवाल का गर्भवती महिलाओं से वसूली करने का आडियो वायरल होते ही उन्होंने नींद की गोलियाँ खा लीं, जिससे उनकी हालत बिगड़ गयी । डीएम के आदेश पर वायरल ऑडियो की जांच को पहुंचे डिप्टी सीएमओ, महिला चिकित्सक के बयान दर्ज किये बिना बैरंग वापस लौट गए | प्रभारी चिकित्साधिकारी ने कर्मचारियों पर पत्नी का उत्पीडन का आरोप लगाते हुये टेंशन में दवा खाने की बात कही है |
पिहानी सामुदायिक स्वास्थ केंद्र पर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा यह बात कहते हुये जांच को आये डिप्टी सीएमओ स्वामी दयाल ने अभिलेखों का निरीक्षण किया | वायरल आडियो को उन्होंने प्रसव कक्ष में मौजूद दो स्टाफ नर्सो को सुनाया लेकिन उन दोनों ने अपनी आवाज होने से इनकार कर दिया । शेष 6 स्टाफ नर्सो को उन्होंने सोमवार को जिला मुख्यालय पर बयान देने के लिए बुलाया है | उधर आडियो वायरल होने के बाद महिला चिकित्सक मौसमी जायसवाल ने एक पत्र वायरल करते हुये अस्पताल के कई कर्मचारियों द्वारा उत्पीडन करने का आरोप लगाते हुये नींद की कई गोलिया खा लीं । जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी वैभव जायसवाल ने घर में ही इलाज शुरू कर दिया | डा. मौसमी जायसवाल का स्वास्थ्य सही न होने के कारण उनका बयान नहीं मिल सका । लेकिन उनके पति प्रभारी चिकित्साधिकारी वैभव जायसवाल ने बताया कि कर्मचारियों के उत्पीड़न से परेशान होकर उन्होंने ऐसा कदम उठाया है । लेकिन अब उनकी हालत ठीक है वायरल आडियो के सम्बन्ध में कहा कि उसमे डा. मौसमी जायसवाल की आवाज नहीं है |