प्रयागराज का प्रतिष्ठित सम्मान-समारोह ‘पं० हेरम्ब मिश्र-स्मृति शिखर सम्मान समारोह २०२०’ कोरोना-संक्रमण के कारण स्थगित कर दिया गया है। ज्ञातव्य है कि प्रतिवर्ष ‘पं० हेरम्ब मिश्र-स्मृति पत्रकारिता शोध संस्थान’, प्रयागराज की ओर से यह समारोह प्रख्यात पत्रकार, लेखक पं० हेरम्ब मिश्र की पुण्यतिथि (१७ दिसम्बर) के अवसर पर आयोजित किया जाता है। आयोजन-पक्ष के पारिवारिक सदस्यों के कोरोनाग्रस्त होने के कारण अब अगले वर्ष एक साथ दो वर्षों का सम्मान समारोह होगा। यह जानकारी संयोजक आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय ने दी है।
१७ दिसम्बर को खुशहालपर्वत, कल्याणीदेवी, प्रयागराज-स्थित कार्यालय में पं० हेरम्ब मिश्र की स्मृति में एक श्रद्धांजलि-समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विधि-विधानपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। गंगाधर मिश्र, महेश चन्द्र उपाध्याय, शशिधर मिश्र, बंशीधर मिश्र, मुकुन्द शर्मा, सृष्टिधर मिश्र, मीनाक्षी मिश्र, ईशा, भाव्या, ज्ञानप्रिया तथा सौम्या ने पं० हेरम्ब मिश्र के पत्रकारीय और लेखन-कर्म का स्मरण करते हुए पं० हेरम्ब मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित की थीं।