साकेत गर्ल्स पी. जी. कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना के अन्तर्गत आज माँ बेल्हा देवी मंदिर परिसर और सई नदी के तट पर श्री अनन्त प्रकाश शुक्ला की अगुवाई में स्वच्छता कार्यक्रम चलाया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में श्री त्रिभुवननाथ विश्वकर्मा अपर जिलाधिकारी मौजूद रहे।
एसडीएम ने कहा कि यह कार्यक्रम इसलिए महत्वपूर्ण नहीं है कि यह 300 बच्चियों द्वारा संचालित किया जा रहा है बल्कि यह इसलिए महत्वपूर्ण है कि इसके द्वारा हम नगर के 300 घरों को नदियों की स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर हम नदियों को स्वच्छ नहीं रखेगें तो हम प्रदूषित और जहरीला जल पीने के लिए बाध्य होंगे और यह जीव मात्र के लिए संकट की घड़ी होगी। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में बोलते हुए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्री कुरील जी ने युवा पीढ़ी पर विश्वास जताया कि वह पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करेगी और अगली पीढ़ी को प्रदूषण के प्रभाव से सुरक्षित करेगी ।
समारोह में मुख्य वक्ता डॉ० अर्जुन पाण्डेय अध्यक्ष जल बिरादरी अमेठी ने कहा कि यह स्वच्छता हम दूसरों के लिए नहीं, बल्कि अपने लिए कर रहे है क्योंकि अगर हमारे पशु पॉलिथीन खाते रहे, नदियाँ प्रदूषित होती रही और हम अपने आस-पास की स्वच्छता के लिए सजग नहीं रहे तो हमें जहरीला भोजन, प्रदूषित हवा और प्रदूषित जल पीने के लिए बाध्य होना होगा।
हरित सेना के अध्यक्ष श्री अजय क्रांतिकारी जी ने बच्चों को संकल्प दिलाया कि नदियाँ हमारी माँ है और इनकी स्वच्छता हमारा दायित्व है। प्रमुख समाजसेवी श्री रोशनलाल उमरवैश्य ने सफाई अभियान की शुरूआत करते हुए स्वयं सई नदी के तट पर सेवा प्रारम्भ की और छात्राओं को विश्वास दिलाया कि जनपद का व्यापारी वर्ग महाविद्यालय के इस मुहिम को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और उन्होंने नारा लगाया कि “साकेत महाविद्यालय ने ठाना है, जनपद को चमकाना है।
सफाई निरीक्षक डॉ० संतोष सिंह ने गीला कचरा और सूखा कचरा के एकत्रीकरण एवं उसके निस्तारण की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ० नीलिमा श्रीवास्तव ने सभी छात्राओं को संकल्प दिलाया कि वे यह संकल्प ले कि अपने-अपने घरों के आस-पास वे ऐसे ही कार्यक्रम आयोजित कर अपने-अपने मुहल्ले और ग्राम सभा को पर्यावरण के प्रति जागरूक करेगी और इसके वीडियो कॉलेज के साथ शेयर करेगें और लोगों को संकल्प दिलाएगे कि न तो वह स्वयं कहीं पर कूड़ा फैलाएगी और न किसी को कूड़ा फैलाने देगें यदि कोई कूड़ा फैलाता है तो उससे अति विनम्रता से अनुरोध करेगे कि वो ऐसा न करे और स्वयं उस स्थान को साफ करेगें।
अन्त में साकेत ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के प्रबंधक श्री अरविन्द श्रीवास्तव ने आये हुए आगन्तुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना के तीनों ईकाइयों के कार्यक्रमाधिकारी डॉ० सरिता सिंह, श्री राहुल मिश्रा एवं श्री अजमत अली द्वारा किया गया और साथ-साथ महाविद्यालय की प्राध्यापिका डॉ० अनीता पाण्डेय, श्रीमती आरती श्रीवास्तव, श्रीमती प्रभा भारती, श्रीमती ज्योति सिंह, डॉ० प्रतिभा मिश्रा आदि उपस्थित रहे।