मल्लावां, हरदोई। विशेश्वरपुर में ग्राम प्रधान के द्वारा गांव की आबादी के निकट जमीन पर गौशाला बनाने का प्रयास राजनैतिक रंजिश के चलते किया जा रहा है। जिसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की गई है।
मल्लावां कोतवाली के अन्तर्गत विश्वेश्वरपुर गांव निवासी शिवरतन ने जिलाधिकारी हरदोई, पुलिस अधीक्षक पूर्वी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। शिकायती पत्र में दर्शाया गया है कि ग्राम प्रधान ने घर सामने की जमीन पर खड़े हरे-भरे पेड़ जेसीबी से उखड़वा कर कटवा लिए। आबादी में गौशाला बनवाने का प्रयास कर रहा है।
स्थानीय भाजपा विधायक आशीष सिंह आशू के हस्तक्षेप के बाद एक बार ग्रामीण आबादी से दूर गौशाला निर्माण करने की बात सक्षम अधिकारियों से हुई थी। निर्माण कार्य बन्द करा दिया गया था। एक बार पुनः वर्तमान भाजपा विधायक विधान सभा मल्लावां आशीष सिंह आशू के विपक्षी मल्लावां के चर्चित दूसरे गुट के राजनैतिक संरक्षण से फिर से वहीं विवादित स्थल पर गौशाला का निर्माण शुरू कराने का तानाशाही प्रयास किया जा रहा है। ग्राम पंचायत सदस्यों ने लिखित शिकायत कर प्रकरण से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया है। फिर भी ग्राम प्रधान विपक्षियों के घर के सामने गौशाला बनाने पर उतारू है।