यातायात बूथ के अंदर यातायात-सिपाही का शव फंदे से मिला लटका

हरदोई– शहर के सोल्जर बोर्ड चौराहा पर बने यातायात बूथ के अंदर यातायात के सिपाही का शव फंदे पर लटका मिला। घटना से सनसनी फैल गई। सूचना पर एसपी राजेश द्विवेदी ने मौके पर पहुंच जांच की। अभी घटना की वजह नहीं स्पष्ट हो सकी है।

देवरिया शहर के ग्राम खोराराम के अशोक कुमार यादव सिपाही थे। वह 2017 से हरदोई में तैनात थे और वह मुहल्ला वैटगंज के पास किराए के मकान में रहते थे। इन दिनों बड़ा चौराहा पर दूसरी शिफ्ट में ड्यूटी कर रहे थे। पुलिस कर्मियों के अनुसार मंगलवार की शाम वह ड्यूटी पर थे। बुधवार की सुबह सोल्जर बोर्ड चौराहा पर बने यातायात बूथ के अंदर रस्सी के फंदे से अशोक का शव लटका मिला।

ड्यूटी पर गए यातायातकर्मियों ने शव लटका देखा और शहर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर एसपी राजेश द्विवेदी, एएसपी नृपेंद्र ने मौके पर पहुंचकर जांच की। एसपी ने बताया कि सिपाही ने आत्महत्या की है। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। परिवारवालों से बात कर घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सिपाही अशोक वैटगंज के डा. संतोष मिश्रा के मकान में किराए पर रहते थे।

घटना के बाद एसपी, एएसपी, सीओ और शहर कोतवाली पुलिस सिपाही के घर पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। एसपी का कहना है कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।