दीपक कुमार श्रीवास्तव–
कछौना (हरदोई) – आमतौर पर लोगों में पुलिस व जीआरपी के प्रति नकारात्मक सोच व रवैया होता है, लेकिन बालामऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की शाम जीआरपी की तत्परता से करंट की चपेट में आए युवक की जान बच गई । जीआरपी प्रभारी व स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर करंट से घायल युवक को बिना देर किए समय रहते अस्पताल में भर्ती कराया । समय रहते उपचार मिलने की वजह से युवक की जान बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार बघौली निवासी युवक बल्हा (22 वर्ष) सुबह किसी काम से बालामऊ आया था और शाम को लगभग 7:30 बजे घर वापसी के लिए बालामऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर बिजली के खंभे के सहारे बैठ ट्रेन जनता एक्सप्रेस का इंतजार कर रहा था । इसी दौरान बिजली के खंभे में अचानक करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया । इसी दौरान घटना की जानकारी मिलने पर प्लेटफार्म पर रूटीन चेकिंग कर रहे जीआरपी प्रभारी बृजेश कुमार सिंह अपने हमराही आरक्षी गौरव शर्मा व शमशतबरेज अली के साथ बिना देरी किए मौके पर पहुंचे । जीआरपी प्रभारी बृजेश कुमार सिंह ने करंट से घायल युवक को रिकवरी पोजीशन में लिटाते हुए कई बार एंबुलेंस को फोन लगाया पर एंबुलेंस का नंबर नहीं लग सका । जिसके बाद जीआरपी प्रभारी ने युवक की हालत को गंभीर देखते हुए, बिना देर किए तत्परता दिखाते हुए उसे अपनी सरकारी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना में लाकर भर्ती कराया । जहां मौजूद चिकित्सक के द्वारा युवक का प्राथमिक उपचार किया गया । उपचार के बाद युवक की हालत ठीक हो गई । जीआरपी प्रभारी के द्वारा समय रहते युवक को इलाज के लिए अस्पताल लाने के चलते युवक की जान बच गई । जीआरपी प्रभारी व स्टाफ के इस सराहनीय कार्य के लिए युवक के परिजनों व स्थानीय लोगों के द्वारा पुलिस के कार्य की सराहना करते हुए प्रशंसा की जा रही है ।