तहसील दातागंज के परगना उसहैत पर तैनात दबंग कानूनगो रूपक सक्सेना का आखिरकार तबादला हो ही गया । कानूनगो रूपक सक्सेना पर नपत के दौरान एक किसान को थप्पड़ मारने का आरोप था । इसको लेकर तहसीलदार दातागंज ने गाँव में पहुँचकर जाँच की जहाँ ग्रामीणों ने दबंग कानूनगो की कारगुज़ारी के किससे बयान के रूप में दर्ज कराये ।
ज्ञात हो कि थाना उसहैत क्षेत्र के गाँव चिरानी में पुलिस और राजस्व की टीम नपत करने गई थी । जिस खेत की नपत हो रही थी उसी खेत के सहखातेदार सकरूद्दीन ने कानूनगो से अपने हिस्से का रकबा पूछा। आरोप है कि इतने में कानूनगो अनाप सनाप बकने लगा, अभद्रता का विरोध करने पर कानूनगो ने किसान के थप्पड़ मार दिया । किसान ग्रामीणों के सामने अपनी बेइज्जती को बर्दाश्त न कर सका और उसने एसडीएम दातागंज व सीएम हेल्पलाइन पर अपनी शिकायत दर्ज कराई । वहीं इंसाफ न मिलने पर आत्महत्या करने की चेतावनी भी दे दी । इससे परेशान तहसील प्रशासन ने तहसीलदार स्तर की मामले की जाँच कराई। कल शनिवार को तहसीलदार ने गाँव पहुँचकर पीड़ित किसान और ग्रामीणों के बयान लिए।
चर्चा है कि कल ही शाम दबंग कानूनगो रूपक का बिल्सी तहसील को तबादला हो गया है। उधर किसान की बेइज्जती को लेकर भारतीय किसान यूनियन 8 अगस्त को एसडीएम कार्यालय का घेराव कर दबंग कानूनगो के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की माँग करेगी।