सीतापुर में कईयों को अपना शिकार बनाने वाले कुत्तों का खौफ हरदोई जिले में भी दिखाई देने लगा है। पछोहा पाली इलाके में एक माह में जहां पांच लोगों को कुत्तों ने जख्मी किया है वहीं ताजा मामला अनंगपुर गांव का है।यहां के एक 3 साल के बच्चे पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया लेकिन ग्रामीणों के प्रतिरोध के चलते कुत्तों को भागना पड़ा जिससे उसकी जान बच सकी। हालांकि कुत्तों के हमले में बच्चा जख्मी हो गया जिसे पाली पीएचसी पर इलाज के लिए लाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है।
पचदेवरा थाना क्षेत्र के अनंगपुर गांव निवासी अनुराग दीक्षित का तीन वर्षीय पुत्र वैदिक दीक्षित घर से कुछ दूर स्थित सड़क पर खेल रहा था। तभी आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर अचानक हमला कर दिया। वैदिक की चीख सुनकर जब ग्रामीण वहां पहुंचे तो आवारा कुत्तों के हिंसक रूप को देखकर उनकी भी रूह कांप गई। हालांकि ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से जब कुत्तों का प्रतिरोध किया तो आवारा कुत्ते वहां से भाग गए। लेकिन आवारा कुत्तों के हमले में वैदिक जख्मी हो गया।
परिजनों ने उसे पाली पीएचसी में भर्ती कराया है जहां उसका इलाज किया जा रहा है। बताते चलें अनंगपुर में भी पीएचसी है लेकिन वहां एंटी रेबीज इम्युनोग्लोबुलिन वैक्सीन मौजूद नहीं है। जिस वजह से उस इलाके के लोगों को कई किलोमीटर दूर पाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आना पड़ता है। वैदिक का पाली पीएचसी पर इलाज शुरू हो गया है।