किसानों की समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर भाकियू (अ) ने सौंपा ज्ञापन

दीपक कुमार श्रीवास्तव –

कछौना (हरदोई) – भारतीय किसान यूनियन (अ) की बुधवार को ब्लॉक परिसर में आयोजित बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई और शीघ्र निस्तारण के लिए पदाधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीओ पंचायत को सौंपा गया । बैठक के उपरांत पदाधिकारियों के नेतृत्व में बड़ी संख्या में दूरदराज से आए किसान महिला पुरुषों ने ब्लॉक मुख्यालय से लखनऊ हरदोई राजमार्ग होते हुए भारतीय किसान यूनियन कार्यालय तक उद्घोष के साथ पैदल मार्च निकालकर हुंकार भरी । 

विकासखंड कछौना परिसर  में आयोजित बैठक के दौरान भारतीय किसान यूनियन (अ) के पदाधिकारियों ने संबोधन के दौरान सरकार द्वारा बिजली की दरों में बढ़ोतरी, पशु आश्रय स्थल की संख्या कम और संचालन सही तरीके से न होने के कारण आवारा गोवंश की बरकरार समस्या, आवाज के अभाव में जर्जर मकानों में रह रहे किसान, अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा किसानों के शोषण आदि समस्याओं पर प्रहार किए । भाकियू (अ) के जिलाध्यक्ष उमेश शुक्ला ने बताया कि किसानों की समस्याओं के निस्तारण हेतु मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन विकासखंड कछौना के एडीओ पंचायत को सौंपा गया है । जिसमें 15 अक्टूबर तक किसानों की समस्याओं के निराकरण की मांग की गई है । यदि निर्धारित समय में समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन (अ) आंदोलन के लिए बाध्य होगा । बैठक के दौरान भाकियू (अ) के जिलाध्यक्ष उमेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष (महिला) सुनीता गौतम, जिला उपाध्यक्ष शिवाधार कुरील, जिला प्रवक्ता आर०एन० सिंह, तहसील अध्यक्ष अतुल शुक्ला, मोहम्मद शाहिद, रामनरेश सिंह, सुशील कुमार सिंह, लियाकत, फारूक, बहादुर, रवी सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में किसान पुरुष व महिलाएं मौजूद रहे ।