दीपक कुमार श्रीवास्तव
कछौना (हरदोई) – एकात्म मानववाद के प्रणेता और जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती बुधवार पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा पूरे जनपद के प्रत्येक बूथ, पार्टी कार्यालयों व विभिन्न स्थानों पर धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर कस्बा कछौना के लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर स्थित भाजपा कार्यालय पर क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा व भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर फूल माला पहनाकर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उनके पद चिन्हों पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अपने विचार भी व्यक्त किए। भाजपा कार्यालय पर जयंती कार्यक्रम में भाग लेने के उपरांत विधायक रामपाल वर्मा भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बीआरसी पर आयोजित जयंती कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे। जहाँ उन्होंने पूर्व ब्लाक प्रमुख के साथ परिसर स्थित शहीद स्मारक पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष ब्रह्म कुमार सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय एकात्म मानववाद व अंत्योदय के प्रणेता थे । भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोने की धातु की तरह तपकर उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाने का कार्य किया है, जिसकी सुंदर तस्वीर आज सबके सामने है। विधानसभा संयोजक डॉक्टर सुशील गुप्ता ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय बचपन से ही राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत थे । वह कुशल संगठनकर्ता थे, जिसकी झलक लखनऊ में आयोजित जनसंघ के अधिवेशन के दौरान देखने को मिली। जिसमें एक लाख से भी अधिक लोगों ने भाग लिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क में आकर उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया। विकासखंड कछौना के पूर्व ब्लाक प्रमुख रहे और वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी के अवध प्रांत के पदाधिकारी अशोक अग्रवाल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद पर विशेष जोर दिया और समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने की कोशिश की । पूर्व ब्लाक प्रमुख ने कहा कि सभी कार्यकर्ता सरकार द्वारा निचले तबके के व्यक्तियों के उत्थान के लिए बनाई गई नीतियों को ध्यान में रखते हुए गरीबों, वंचितों के उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत रहें। संगीता सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य राम शंकर शुक्ला ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बाल जीवन से जुड़ी एक घटना का जिक्र करते हुए उनके साहसिक व्यक्तित्व का परिचय दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा ने बताया कि भारत देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की केंद्र व राज्य सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों व आदर्शों पर चलकर अंत्योदय के लक्ष्य की प्राप्ति की ओर अग्रसर है। समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के उत्थान के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिससे गरीब तबके के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ सके । विधायक ने कार्यकर्ताओं से विशेष आवाहन करते हुए कहा कि सरकार की पॉलिथीन मुक्त भारत की मंशा को साकार रूप देने के लिए जन-जन को पॉलिथीन के दुष्परिणामो की जानकारी देते हुए पॉलिथीन का प्रयोग न करने का संदेश देकर जागरूक करने का कार्य करें । खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस के द्वारा उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करने के साथ ही कार्यक्रम का समापन हुआ । कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर सुशील गुप्ता के द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा, विशिष्ट अतिथि पूर्व ब्लाक प्रमुख अशोक अग्रवाल, आचार्य राम शंकर शुक्ला, विधानसभा संयोजक डॉ सुशील गुप्ता, मंडल अध्यक्ष ब्रह्म कुमार सिंह, मंडल उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश अस्थाना, मंडल महामंत्री नवीन पटेल व अनूप दीक्षित, विधायक पुत्र अर्जित वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेंद्र पटेल, शिवम मिश्रा, प्रेम यादव, बाबा बनवारी लाल, संजय सिंह, सलिल दीक्षित, रमेंद्र शुक्ला, सौरभ शुक्ला, शौर्य प्रताप सिंह, प्रतीक गुप्ता, पुनीत गुप्ता, धर्मेंद्र सिंह, देवी शंकर शुक्ला, विजय सिंह, दुर्गेश सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।