गन्ना सेंटर पर तौल लिपिक द्वारा ‘अन्नदाताओं’ से हो रही अवैध वसूली, घटतौली कर डाला जा रहा किसानों की जेब पर डाका

कछौना (हरदोई)– गन्ना क्रय केंद्रों पर सरकारी तंत्र से लेकर गन्ना तौल लिपिक तक ‘अन्नदाता’ कहे जाने वाले किसान को जमकर चूना लगा रहे हैं। जनपद में संचालित गन्ना क्रय केंद्रों पर तौल लिपिकों द्वारा अवैध वसूली व घटतौली कर किसानों की मेहनत की कमाई पर डाका डाला जा रहा हैं। शासन स्तर से लाख सख्ती के बावजूद भी तौल लिपिक किसानों से अवैध वसूली व गन्ने में प्रति ट्राली ढेड़-दो कुंतल गन्ने की घटतौली कर अपनी-अपनी जेबें गर्म कर रहे हैं।

ताजा मामला विकासखण्ड कछौना में स्थित गन्ना क्रय केंद्र (बालामऊ) से सामने आया है। उक्त क्रय केंद्र पर तौल लिपिक दीपक द्वारा सेंटर पर गन्ना लाने वाले किसानों से जमकर अवैध वसूली व घटतौली की जा रही है। विभागीय अधिकारियों/जिम्मेदारों के सरंक्षण में तौल लिपिक दीपक द्वारा उतराई के नाम पर 150 रुपए प्रति ट्राली वसूली व 50 किलोग्राम प्रति ट्राली गन्ने की कटौती की जा रही है। सेंटर पर गन्ना लाने वाले किसानों की ट्रालियां चार-पांच दिन खड़ी रखी जाती हैं और फिर उनका गन्ना खराब बताकर अवैध वसूली का खेल खेला जाता है। सेंटर पर सैकड़ों कुंतल गन्ने की तौल होती है जिसमें घटतौली करके तौल लिपिक अपना दर्जनों कुंतल गन्ना बचा लेता है। क्षेत्रीय किसान कौशलेंद्र सिंह, अनिल सिंह, दिलीप कुमार, नन्हे, भूपेंद्र सिंह व सियाराम आदि ने बताया कि तौल बाबू को नजराना ना देने पर वह तौल में आनाकानी करता है। वहीं घटतौली के साथ-साथ प्रति ट्राली 50-100 किलो गन्ना भी देने को मजबूर किया जाता है। योगी सरकार जहां एक ओर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यशैली की वाहवाही करती है वहीं दूसरी ओर गन्ना क्रय केंद्रों पर किसानों के साथ इस तरह की हो रही अवैध वसूली व घटतौली को देखने वाला कोई नहीं है। तौल लिपिक को विभागीय अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त होने से उसके हौसले बुलंद रहते हैं।

उक्त प्रकरण के संदर्भ में जब जिला गन्ना अधिकारी निधि गुप्ता से वार्ता की गई तो उन्होंने बताया कि किसी सेंटर पर अवैध वसूली व घटतौली आदि किसी प्रकार की शिकायत/समस्या होने पर उन्हें अवगत कराया जा सकता है। संबंधित सेंटर के संदर्भ में जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिले के बांट-माप विभाग की वरिष्ठ निरीक्षक मीनू तिवारी ने भी इस संबंध में बांट-माप की जांच टीम भेजकर कार्रवाई की बात कही है। कछौना विकासखण्ड क्षेत्र में गन्ना क्रय केंद्रों पर किसी अनियमितताओं के संदर्भ में किसान मोबाइल नंबर 9415646455 पर भी संपर्क कर सकते हैं।

रिपोर्ट ➖ एस.बी.सिंह सेंगऱ