हरदोई- स्वच्छ भारत मिशन नगरीय के अन्तर्गत आज प्रातः जिलाधिकारी पुलकित खरे ने नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुख सागर मिश्र, अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद जी0 लाल के साथ मोहल्ला सुभाष नगर में सफाई व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण किया तथा मोहल्ले में झाडू लगाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मोहल्ले के दुकानदारों से बात की तथा कहा कि दुकान के कूड़े को इधर उधर न फेंके बल्कि सफाई कर्मचारी आने पर उनके ठेले में ही कूड़ा डाले ताकि उनके घर- दुकान के आस पास सफाई बनी रहे। उन्होने मोहल्ले वासियों से सफाई प्रतिदिन होने आदि के बारे में पूछा तथा कहा कि वह अपने घरों एवं आस-पास स्वयं सफाई रखें ताकि बीमारियों से बचें और मोहल्ले में सफाई भी रहे। प्लाटों में पड़े कूड़े के सम्बन्ध में जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिये कि खाली पड़े प्लाटों के पास कूड़ेदान रखवायें ताकि लोग कूड़ा प्लाटों में न डालकर कूड़ेदान में ही डालें।
श्री खरे ने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिये कि नालियों में भरे पानी के निकास की बेहतर व्यवस्था करायें ताकि मोहल्लों में जल भराव की समस्या न उत्पन्न हो तथा सफाई नायक एवं सफाई कर्मचारियों के माध्यम से नगर के लोगों को सफाई के प्रति जागरूक भी करें और सफाई कर्मचारी अपने वार्डो में नियमित सफाई करें।